बिहार के सीतामढ़ी में खाना बनाने के दौरान गैस लीक होने की वजह से घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई.
खाना बनाने के दौरान लगी आग
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक गैस सिलेंडर के लीक होने के कारण भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान गैस लीक हो रही थी, जिसके कारण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते-देखते पूरे घर में फैल गई. इस भीषण घटना में पिता और बेटी की मौत हो गई.
पिता को बचाने के लिए दोबारा घर में घुसी
बताया जा रहा है कि आग के दौरान बेटी किसी तरह घर से बाहर निकल आई थी, लेकिन पिता को बचाने के लिए वह दोबारा से घर में घुस गई. जिसके बाद बाहर निकलना दोनों के लिए मुश्किल हो गया और दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान 50 साल के विनोद कुमार और 10 साल की छोटी कुमारी के रूप में की गई है. पूरी घटना पुपरी थाना क्षेत्र के मधुबनी रोड का है.
गैस लीक के कारण लगी आग
जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जिस दौरान व्यक्ति की बेटी खाना बना रही थी. विनोद की पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थीं. इस दौरान किचन से किसी तरह गैस लीक होने लगी और आग लग गई. आग लगने के कारण बेटी तुरंत ही घर से बाहर निकल आई, लेकिन बीमार लकवाग्रस्त पिता को बचाने के लिए दोबारा जलते हुए घर से अंदर घुस गई. जिसके बाद कुछ ही समय में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया.
दोनों की जिंदा जलकर मौत
अपने पिता के साथ बेटी आग की लपटों में घिर गई. इस हादसे में दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई. आग की लपटों को देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. इस दौरान विनोद की पत्नी भी आग की लपटों में आ गई और झुलस गई. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है. आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडियां मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो गई थी.
