UP Weather Update: मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिन से बदला हुआ है. देश के ज्यादातर राज्यों में बारिश हो रही है. दिल्ली-NCR में सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है जिससे मौसम में ठंडक है.भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक बारिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है.
यूपी का मौसम कैसा है
उत्तर प्रदेश में आज, 23 मार्च को नोएडा-गाजियाबाद में बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य में अगले 3 दिनों तक तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो धूल और हल्की ठंडक का एहसास कराएंगी. फिर इसके बाद शुक्रवार 27 मार्च को यूपी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हवा की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक जा सकती है. वैसे आज कई जिलों में आसमान साफ रहेगा.
कल कैसा था राजधानी लखनऊ का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा. अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.9 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लखनऊ और आसपास के इलाकों के लिए पूर्वानुमान है कि आसमान में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बाद में मुख्य रूप से आसमान साफ हो जाएगा. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा
नोएडा में तीन दिन बाद बदलेगा मौसम
बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो वहीं सोमवार को मौसम साफ रहेगा.मौसम विभाग का अनुमान है आज न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. अगले तीन दिन बाद फिर नोएडा में आसमान छाएंगे.इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी होगी.
कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक जिन जिलों में तेज बारिश होने की ज्यादा संभावना है, उनमें बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और सोनभद्र जैसे जिले शामिल हैं. मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम का असर दिखाई दे रहा है.
आंधी-तूफान-बिजली संग तेज हवाएं
नोएडा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे शहरों में दिनभर बादल अपना डेरा डाले रहेंगे. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. इतना ही नहीं प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी मंडरा रहा है.
ये भी पढ़ें: ई-रिक्शा वाली ‘मीरा’ या जासूस? मथुरा से पाकिस्तान तक जुड़ रहे गैंगस्टरों के तार, सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश
