गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में मौजूद क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी में एक फ्लैट में अचानक से आग लग गई. फायर विभाग की घंटों की मेहनत के बाद आग के ऊपर काबू पाया गया.
गाजियाबाद के फ्लैट में लगी आग
गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में मौजूद क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी में एक फ्लैट में अचानक से आग लग गई. जानकारी के मुताबिक बी-टावर के तीसरे फ्लोर पर मौजूद एक फ्लैट में आग लगी. घटना के बाद पूरे टावर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जब आग की शुरुआत हुई तो उस समय फ्लैट बंद और ताले में था. जिसके कारण किसी को आग लगने की जानकारी शुरुआत में नहीं मिल सकी.
घर का सामान भी जलकर राख
स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले हल्का धुआं दिखाई दिया था, जिसके कुछ ही मिनटों के बाद आग ने भीषण रूप पकड़ लिया. कुछ ही समय में आग पूरे फ्लैट में फैल गई और अंदर रखा फर्नीचर और इलेक्ट्रिक सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया. जब फ्लैट में आग लगी, उस दौरान फ्लैट के मालिक मुकुल निगम अपने काम पर थे.
परिवार नहीं था फ्लैट पर मौजूद
हालांकि राहत की बात यह है कि उनकी पत्नी और उनके बच्चे भी उस दौरान फ्लैट पर मौजूद नहीं थे, जिसके चलते जनहानि नहीं हुई है. जैसे ही आग लगने की सूचना मिली तो पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मिलकर आग को बुझाने के लिए अभियान चलाया. काफी समय की मेहनत के बाद आग के ऊपर काबू पा लिया गया.
आग के पीछे के कारणों की हो रही जांच
हालांकि इस घटना में किसी तरह से कोई हताहत नहीं हुआ है. परिवार के फ्लैट पर मौजूद न होने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई है. अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जांच में किसी भी तरह के विस्फोट या दुर्घटना का इशारा नहीं मिला है. फिलहाल टीम लगातार आग लगने के पीछे के कारणों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- नैनीताल मॉल रोड पर बजाया हूटर, SDM से भिड़ा विधायक का बेटा; पुलिस ने सीज कर दी फॉर्च्यूनर
