छत्तीसगढ़ के कोरबा में हनुमान जयंती पर शोभायात्रा के दौरान एक महिला कलाकार आग की चपेट में आ गई. महिला मुंह में पेट्रोल भरकर आग का गोला बाहर निकाल रही थी. इसी दौरान यह हादसा हुआ.
फायर शो दिखा रही कलाकार हादसे का शिकार
छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में हनुमान जयंती के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. शोभा यात्रा में मां काली का रूप बनाकर फायर शो दिखा रही महिला कलाकार अचानक से आग की लपटों का शिकार हो गई. इस दौरान उसे बचाने की कोशिश कर रहे उसके 2 साथी भी आग में झुलस गए.
हनुमान जयंती पर निकल रही थी शोभायात्रा
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बालकोनगर थाना क्षेत्र के रजगामार की है. यहां हनुमान जयंती के मौके पर शोभा यात्रा निकाली जा रही थी. यात्रा को आकर्षक बनाने के लिए झांकियों में कलाकार कई तरह के करतब दिखा रहे थे. रात लगभग 8 बजे के आसपास शोभायात्रा पूरे उत्साह से भरी हुई थी कि इसी दौरान एक महिला कलाकार आग से हादसे का शिकार हो गए.
मुंह में पेट्रोल भरकर दिखा रही थी करतब
मां काली का वेश धारण की महिला कलाकार फायर शो का करतब दिखा रही थी. वह मुंह में पेट्रोल भरकर आग का गोला निकाल रही थी, इसी दौरान अचानक से आग की लपटें पीछे की तरफ पलट गईं और महिला के बालों और कपड़ों में आग लग गई. कुछ ही समय में महिला कलाकार आग की लपटों से पूरी तरह घिर गई. जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
2 साथी कलाकार भी घायल
महिला बुरी तरह से आग की चपेट में आ गई. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, इस दौरान महिला के 2 कलाकार साथी भी आग में झुलस गए. घटवा के बाद तुरंत ही घायलों को एम्बुलेंस की मदद से भिलाई के सेक्टर-9 में मौजूद अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस घटना के बाद महिला की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. हालांकि लगातार महिला का इलाज किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली STF की बड़ी कामयाबी! मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी ‘गंजा’ गिरफ्तार; 75 से ज्यादा मामले हैं दर्ज
