दिल्ली पुलिस की STF ने बदरपुर इलाके से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा को गिरफ्तार किया है. गंजा के ऊपर 75 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं और वह अभी 20 से ज्यादा मामलों में फरार चल रहा था.
दिल्ली STF की कुख्यात अपराधी से मुठभेड़
राजधानी दिल्ली में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का बड़ा एक्शन सामने आया है. STF ने दक्षिणी पूर्व जिले में लिए गए एक्शन में मुठभेड़ के बाद खूंखार अपराधी को गिरफ्तार किया है. यह मुठभेड़ बदरपुर इलाके में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा के साथ हुई है. इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
गंजा पर दर्ज हैं 75 से ज्यादा मामले
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद अपराधी घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक गंजा के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, चोरी और सेंधमारी सहित 75 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. आपको बता दें कि फिलहाल अपराधी 20 से ज्यादा मामलों में वांछित भी चल रहा था. दिल्ली पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी.
हत्या में शामिल रहा है गंजा
गंजा का नाम दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी शामिल रह चुका है. इसी के साथ गंजा सलीम गैंग के एक सदस्य की हत्या में भी शामिल रहा है. आपको बता दें कि STF को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी बदरपुर इलाके में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी. जिसके बाद जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने बरामद किया हथियार और कारतूस
पुलिस पर गोली चलने के बाद टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा घायल हो गया और तुरंत ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है, जहां उसका लगातार इलाज जारी है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं.
यह भी पढ़ें- बेटे की चीख और मौत से सामना! बच्चे को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गया पिता; जबड़े से छीन लाया बेटा
