झारखंड के गिरिडीह में एक 35 साल के व्यक्ति ने 13 साल की नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया. जिसके बाद लड़की गर्भवती हो गई. इस समय नाबालिग 4 महीने की गर्भवती है.
13 साल की नाबालिग से दुष्कर्म
झारखंड के गिरिडीह से एक हैरान कर देने वाला और बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक 35 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. व्यक्ति के ऊपर 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों में गुस्सा फूट पड़ा है.
नाबालिग हुई 4 महीने की गर्भवती
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग लड़की इस समय 4 महीने की गर्भवती है. यह मामला तब सामने आया जब लड़की के परिजनों ने उसके शरीर में असामान्य बदलावों को देखा. शरीर में बदलाव होने पर परिजनों ने लड़की से पूछताछ की. परिजनों के पूछने पर नाबालिग ने आपबीती सुनाई. नाबालिग ने बताया कि एक व्यक्ति उसके साथ लंबे समय दुष्कर्म कर रहा है और जान से मार देने की धमकी देकर चुप कराए हुए है.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नाबालिग की आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने तुरंत ही पुलिस में मामले को दर्ज कराया. इस मामले में गवान थाना पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया है कि आरोपी ने पूछताछ किए जाने पर अपने आरोप को कबूल कर लिया है. पुलिस ने नाबालिग लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा है. लड़की को जरूरी चिकित्सकीय मदद पहुंचाई जा रही है.
पीड़िता के परिजनों को प्रशासन का भरोसा
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले को दर्ज कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले में पूरी गहनता के साथ जांच कर रही है. प्रशासन ने पीड़िता के परिजनों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी.
यह भी पढ़ें- दादरा नगर हवेली में भीषण हादसा! नाइट्रोजन गैस सिलेंडर विस्फोट से 4 की मौत, 6 घायल
