गोवा में एक तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में एक महिला की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है.
गोवा में तेज रफ्तार का कहर
गोवा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. उत्तरी गोवा में एक लग्जरी तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी है. टक्कर इतनी तेज थी कि एक 5-स्टार होटल की महिला कर्मचारी की मौत हो गई. वहीं इसी के साथ उसके साथ मौजूद पुरुष कर्मचारी घायल हुआ है. जानकारी के मुताबिक लग्जरी कार को एक बिजनेसमैन का बेटा चला रहा था.
चालक को किया गया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना रविवार रात को डोना पाउला इलाके में हुई है. इस पूरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को 22 साल के डेरियस डायस को गिरफ्तार किया है. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायस नाम का युवक मिनी कूपर कार को चला रहा था और उसने तेज रफ्तार कार से मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी.
5-स्टार होटल कर्मचारी की मौत
अधिकारी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी. उन्होंने बताया कि गाड़ी के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में रजिस्ट्रेशन होने से पहले जो नंबर प्लेट लगाई जाती है, वही नंबर प्लेट कार में लगी हुई थी. इस मामले में पुलिस ने 22 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि पांच सितारा होटल में काम करने वाली एक 23 साल की महिला कर्मचारी की मौत हो गई.
पुरुष साथी गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने बताया कि मृत महिला की पहचान 23 साल की दीक्षा परवाडकर के रूप में हुई है. दीक्षा बाइक के पीछे बैठी थी. घायल होने पर महिला को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना में महिला के साथी 26 साल के डी. अरुणकुमार की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. दोनों कर्मचारी होटल में काम करते घर लौट रहे थे. पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा में ‘गेट तोड़’ एंट्री! पुलिस ने कार के साथ गिरफ्तार किया संदिग्ध; शख्स से पूछताछ जारी
