दिल्ली विधानसभा का गेट तोड़कर घुसने वाली कार और उसके ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. घटना में शामिल कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रजिस्टर्ड है.
दिल्ली विधानसभा में घुसी कार
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध सामने आई है. विधानसभा के गेट नंबर 2 को तोड़कर एक कार परिसर के अंदर घुस गई. जानकारी के मुताबिक दोपहर लगभग 2 बजे एक कार तेज रफ्तार में आई और विधानसभा का बैरिकेड तोड़कर अंदर घुस गई. जिसके बाद कार चलाने वाला शख्स गाड़ी से उतरा और गुलदस्ता छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है.
पुलिस ने गिरफ्तार किया शख्स
पुलिस ने विधानसभा में घुसने वाले शख्स की पहचान करके उसे गिरफ्तार कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हाथ में गुलदस्ता और कंधे पर एक काला बैग लेकर संदिग्ध आगे बढ़ा. आपको बता दें कि विधानसभा के गेट नंबर 2 पर एक सफेद रंग की टाटा सिएरा कार ने बैरिकेड तोड़े और विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई. इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
3 बार मिल चुका धमकी भरा ई-मेल
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को पिछले कुछ दिनों में 3 बार ई-मेल के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं. जिसके बाद उनकी जानकारी भी पुलिस को दी गई थी. इसके बाद भी अज्ञात कार का इस तरह विधानसभा परिसर में दाखिल होना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है. यह पूरी घटना दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास हुई है.
सिर्फ 5 मिनट में पूरी हुई घटना
गेट तोड़कर गाड़ी परिसर में दाखिल हुई और उसके बाद स्पीकर की कार के पास एक गुलदस्ता रखा जिसके बाद चालक अंदर बैठकर फिर फरार हो गया. यह पूरी घटना महज 5 मिनट के अंदर घटी है. चालक द्वारा छोड़े गए गुलदस्ते की जांच करने पर किसी भी तरह की संदिग्ध चीज उसमें नहीं मिली है. घटना के लगभग 2 घंटे बाद पुलिस ने विधानसभा में घुसने वाले संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और कार को भी बरामद कर लिया है.
कार से साथ गिरफ्तार हुआ शख्स
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए संदिग्ध को रूपनगर इलाके से गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए संदिग्ध की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक इस घटना में शामिल गाड़ी टाटा सिएरा उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रजिस्टर है. गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-26 AZ 8090 है. फिलहाल पुलिस व्यक्ति को गिरफ्तार करके उससे पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध! गेट तोड़कर अंदर घुसी अज्ञात कार; स्पीकर के ऑफिस के पास छोड़ा गुलदस्ता
