दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में चूक नजर आई है. गेट नंबर 2 को तोड़कर एक अज्ञात कार परिसर में घुस गई. जिसके बाद चालक ने स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के ऑफिस के पास एक गुलदस्ता रखा और फरार हो गया.
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में चूक
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को चूक हुई है. दिल्ली विधानसभा का मेन गेट तोड़कर एक अज्ञात कार परिसर के अंदर घुस गई. इस घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक यूपी नंबर की एक कार गेट तोड़कर अंदर घुसी और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी के पास एक संदिग्ध वस्तु रख दी. दिल्ली पुलिस अब इस मामले में जांच कर रही है, जिससे गाड़ी के ड्राइवर और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.
स्पीकर की कार के पास रखी संदिग्ध चीज
जानकारी के मुताबिक कार ने मेन गेट को तोड़ा और कॉम्प्लेक्स में घुस गई. इस घटना से स्टाफ और सिक्योरिटी में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि गाड़ी ने गेट तोड़ा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की कार के पास कुछ संदिग्ध चीज रख दी. फिलहाल मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक परिसर में घुसने वाली कार का रजिस्ट्रेशन नंबर उत्तर प्रदेश का है.
कार चालक ने पहना था नकाब
कार गेट नंबर 2 से विधानसभा परिसर में घुसी है. जिसके बाद विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय के बरामदे के पास एक फूलों को गुलदस्ता रख दिया. इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. जानकारी के मुताबिक कार को चलाने वाले व्यक्ति ने नकाब पहन रखा था और लगभग 2 बजे के आसपास गेट नंबर 2 से गेट को तेड़कर अंदर घुसा था.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बताया जा रहा है कि ड्राइवर असेंबली स्पीकर के ऑफिस की तरफ बढ़ा और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रख दिया. बुके रखने के बाद ड्राइवर फरार हो गया. हालांकि बुके के अंदर किसी तरह की कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है. जानकारी के मुताबिक विधानसभा परिसर में घुसने वाली कार का नंबर UP-26 AZ 8090 है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- भारत-म्यांमार सीमा पर बड़ा ऑपरेशन! 2 दिनों में 4 उग्रवादी गिरफ्तार; सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
