मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. इन उग्रवादियों में से 2 की गिरफ्तारी भारत-म्यांमार सीमा के पास से हुई है. मणिपुर में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन लगातार जारी है.
मणिपुर में 4 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों के हाथ बड़ी सफलता लगी है. सुरक्षा बलों ने अलग-अलग संगठनों से जुड़े हुए 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई 2 जिलों में की गई है. उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए इस ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस के साथ सुरक्षा बल और दिल्ली पुलिस की अहम भूमिका रही है. इस ऑपरेशन में कुछ गिरफ्तारियां भारत-म्यांमार सीमा के पास से भी हुई हैं.
भारत-म्यांमार सीमा से गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक शनिवार को सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस की टीम ने मिलकर तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मौजूद यांगौबुंग गांव के पास से 2 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों की पहचान 31 साल के थोखचोम इंगोचा सिंह और 48 साल के थोखचोम रघुनाथ मेइती के रूप में की गई है. ये दोनों उग्रवादी लंबे समय से सुरक्षा बलों की नजर में थे.
पहले से मिले थे इनपुट
इस कार्रवाई के साथ ही दूसरी कार्रवाई भी हुई, जिसमें इम्फाल जिले के पैलेस कंपाउंड इलाके से एक और भी उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया. इम्फाल जिले से गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 19 साल के लैशराम इनाओटोम्बा के रूप में की गई है. पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों को इसके बारे में पहले से ही इनपुट मिले हुए थे. जिसके आधार पर उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है.
2 दिनों में 4 गिरफ्तारी
इन कार्रवाइयों के बाद रविवार को इम्फाल जिले के संजेनबाम खुनौ इलाके से एक और उग्रवादी के गिरफ्तार किया गया. इस उग्रवादी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल पुलिस ने चौथे उग्रवादी की पहचान को सार्वजनिक नहीं किया है. हालांकि शुरुआती जांच में उसके एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े होने की बात सामने आई है. पुलिस और सुरक्षा बलों ने मिलकर 2 दिनों में 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- असम चुनाव को प्रभावित कर रहा पाकिस्तान! मुख्यमंत्री हिमंत ने कांग्रेस पर किया पलटवार; सभी आरोपों को किया खारिज
