Uttarakhand Weather Update 10 April 2026: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. पिछले कई दिनों से जारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है. उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3800 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के संभावना है. वहीं, अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इसकी वजह से मैदानी इलाकों के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। उत्तराखंड में चार-पांच जिलों को छोड़कर अन्य इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है.
पश्चिमी विक्षोभ हुआ कमजोर
पिछले कई दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो गया है, जिससे कई दिनों से जारी बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला भी धीरे-धीरे थमने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, अब प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने वाली है. 11 अप्रैल को जहां पांच सीमांत जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की हलचल हो सकती है, तो वहीं मैदानी इलाकों में सूरज के तेवर भी तल्ख होने वाले हैं. दो दिनों से खिल रही तेज धूप ने एक बार फिर गर्मी का एहसास कर दिया है। दिन के समय तेज गर्मी और सुबह-शाम हल्की गुलाबी ठंड हो रही है.
यहां होगी बारिश- बर्फबारी
भले ही उत्तराखंड के अधिकाशं इलाकों में मौसम शुष्क रहने वाला है, लेकिन पांच पहाड़ी जिलों में अभी भी मौसम का मिजाज थोड़ा बदला रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, 11-12 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गर्जना के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.बात करें बागेश्वर और पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्रों की तो यहां बादल छाए रह सकते हैं और छिटपुट बारिश की उम्मीद है.
इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अप्रैल को देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर जैसे जिलों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है. जबकि अल्मोड़ा, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी इलाकों में भी हल्का पारा बढ़ सकता है. राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 14°C के आसपास रहने का अनुमान है. पारा फिर से ऊपर चढ़ने लगा है. जिसका असर आने वाले 4-5 दिनों में दोबारा देखने को मिलेगा.मौसम विभाग का अनुमान है कि मैदानी इलाकों में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में पारा 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक उछल सकता है.
ये भी पढ़ें: अशरफ के गनर रहे प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में दो गिरफ्तार:माफिया अतीक का मास्टरमाइंड शूटर नहीं आया हाथ, दो को जेल
