CJP और अभिजीत दीपके से जुड़े मामले में पुलिस ने अपना पक्ष सामने रखा है. पुलिस के पक्ष पर अभिजीत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके सवाल उठाये हैं. दिल्ली पुलिस ने अभिजीत से बातचीत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध-प्रदर्शनों और अभिजीत दिपके से जुड़े मामले में अपना पक्ष साफ करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. ब्रीफ्रिंग के दौरान, पुलिस ने CJP के आरोपों का जवाब दिया और दिपके की दादी के निधन से जुड़े मामले के बारे में अपना पक्ष रखा. इसके बाद, अभिजीत दिपके ने ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए दिल्ली पुलिस के स्पष्टीकरण पर सवाल उठाते हुए पलटवार किया.
दिल्ली पुलिस पर उठाया सवाल
आपको बता दें कि दिपके ने एक्स पोस्ट पर दिल्ली पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं डीसीपी नेहा यादव की वीडियो को टैग करते हुए कहा, “मैंने अपने उस कजिन से बात करने की गुजारिश की थी जो मेरी दादी के साथ रहता है. मैंने बस कुछ मिनट के लिए अपना फोन मांगा था जिससे मैं अपने कजिन का नंबर निकाल सकूं. दिल्ली पुलिस ने मुझे अपना फोन इस्तेमाल क्यों नहीं करने दिया?
परिवार को परेशान करने को कहा
पुलिस के दावों पर सवाल उठाते हुए दिपके ने कहा, “सुबह 3:30 बजे दिल्ली पुलिस ने मुझसे कहा कि मैं अपने पिता को फोन करूं और उन्हें बताऊं कि कल मैं लंबे समय के लिए जेल जा रहा हूं. वही पिता जिन्होंने अभी-अभी अपनी मां को खोया है. अभिजीत दीपके ने कहा कि दादी के गुजरने के बाद आप मेरे परिवार को और कितना दुख देना चाहते थे?
पुलिस ने शेयर किया वीडियो
दिल्ली पुलिस की PRO और DCP नेहा यादव ने बताया कि CJP को विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी गई थी, हालांकि फिर भी वे प्रदर्शन करने के लिए जगह पर पहुंच गए. जिसके बाद कार्रवाई की गई. CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने भी कानून का पालन नहीं किया. नेहा ने बताया कि दिपके को उनकी दादी के निधन के बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने अपने परिवार से बात करने से मना कर दिया. इस बीच मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने दिपके के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो जारी किया है.
