दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया. इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के दौरान व्यक्ति नीचे गिर गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटिजन सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना में 48 वर्षीय पवन शर्मा की मौत हो गई. FIR के मुताबिक, विवाद के दौरान दो लोगों ने पवन शर्मा के साथ मारपीट की. उन्हें थप्पड़ मारने और धक्का देने का आरोप है. धक्का लगने से वह मेट्रो के फर्श पर गिर गए और उनके सिर में चोट आई. बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई.
सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटिजन के लिए आरक्षित सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप लगाया गया है कि इसी विवाद के दौरान पवन शर्मा के साथ मारपीट की गई. धक्का लगने से वह नीचे गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई.
पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद मेट्रो स्टाफ ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से LNJP अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, इस दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक की मां दुर्गा शर्मा की शिकायत पर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो थाने में पुलिस ने आरोपी संजय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ सिंह के नाम FIR दर्ज की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
जानकारी के मुताबिक संजय प्रताप सिंह पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रह चुके हैं, जबकि सिद्धार्थ सिंह सुप्रीम कोर्ट में वकील बताए गए हैं. संजय प्रताप सिंह के संबंध में पूर्व में CBI की रिश्वत मामले में कार्रवाई और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिलने के दावे भी किए गए हैं. वहीं पुलिस पवन शर्मा के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
