उन्नाव में युवक और युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी. बताया जा रहा है कि दोनों प्रेम प्रसंग में थे. दोनों आपस में भाई-बहन लगते थे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रविवार को पेड़ से लटककर एक युवक और युवती ने सुसाइड कर लिया है. बताया जा रहा है कि पेड़ से लटके शव को देखकर मौके पर अफरा तफरी मची गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. यह पूरा मामला उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में धमनीखेड़ा गांव का है. पुलिस के मुताबिक दोनों ने प्रेम प्रसंग की वजह से खुदकुशी की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है
रिश्ते में भाई बहन थे मृतक
पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतारा और पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक दोनों शवों की पहचान पुरवा क्षेत्र में छत्ता खेड़ा के रहने वाले अभय कुमार (24) और महरामऊ की रहने वाली प्रीति (20) के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि रिश्ते में दोनों भाई बहन थे, लेकिन दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
10 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक प्रीति के परिजनों ने करीब 10 महीने पहले ही उसकी शादी कर दी थी. इसके बाद भी वह अभय के संपर्क में थी. वह काफी समय से मायके में रह रही थी. बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह दोनों करीब 10 बजे घर से निकले और बिहार थाना क्षेत्र के धमनी खेड़ा गांव स्थित आम के बाग में फांसी लगाकर जान दे दी.
जांच कर रही पुलिस टीम
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में अभय और प्रीति के परिजनों से पूछताछ की जा रही है. अभी तक जांच और पूछताछ में घटना की वजह प्रेम प्रसंग के रूप में ही सामने आया है. बताया जा रहा है कि इनके रिश्ते को इनके परिवार वाले मानने को तैयार नहीं थे. प्रेम प्रसंग की वजह से प्रीति के परिजनों ने 10 महीने जल्दबाजी में उसकी शादी भी कर दी थी. हालांकि पुलिस पूरे मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.
