UP Encounter News: बरेली पुलिस ने सास और साले के हत्यारे दामाद को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया. आरोपी अफसर खान ने भरी पंचायत में सास, साले और पत्नी पर चाकू से किया था हमला. इस हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत गई थी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. आरोपी की पहचान अफसर खान के रूप में हुई, जो घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था.
जानिए क्या है पूरा मामला ?
बताया जा रहा है कि अफसर खान अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था. लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया और उसके व्यवहार में सुधार की बात कही. इस दौरान सास आसमां और साला आदिल ने भी बेटी का समर्थन किया. इसी बात से नाराज होकर अफसर खान आपा खो बैठा और उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस एनकाउंटर में ढेर
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार तड़के सहारा ग्राउंड में पुलिस ने उसे घेर लिया. खुद को घिरता देख अफसर खान ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है.
आपराधिक रिकॉर्ड
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अफसर खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है.उसने साल 2004 में अपने मामा की हत्या की थी और कई सालों तक जेल में रहा.जमानत पर बाहर आने के बाद उसने 2017 में अपनी चचेरी बहन से निकाह किया था. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और कई बार पंचायत भी बैठ चुकी थी.
यह पूरी घटना एक पारिवारिक विवाद के चलते हुई, जिसने दो लोगों की जान ले ली और एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया.पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.
