जयपुर से बेंगलुरु जाने वाली एक एयर इंडिया की फ्लाइट को इमरजेंसी स्थिति में इंदौर में उतारना पड़ा. मंगलवार को शाम एयर इंडिया की AI-610 फ्लाइट को इंदौर एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में लैंड कराना पड़ा. बताया जा रहा है कि विमान में सवार 1 साल के बच्चे को अचानक से सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद में पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी को घोषित किया था.
बीच में हुई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-610 मंगलवार को जयपुर से बेंगलुरु जा रही थी. इस फ्लाइट में सवार एक साल के बच्चे को अचानक से सांस लेने में तकलीफ हुई जिसके बाद पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी को घोषित करते हुए इंदौर में फ्लाइट को लैंड कराया. जिसके बाद बच्चे को तुरंत ही इलाज भी दिया गया, लेकिन इसके बाद भी बच्चे की जान नहीं बची और उसकी मौत हो गई.
शाम 5:30 बजे फ्लाइट ने भरी उड़ान
एरोड्रम थाना एरिया के DCP कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि जयपुर से शाम करीब 5:30 बजे एयर इंडिया की AI-610 फ्लाइट उड़ान भरती है. इस फ्लाइट को लगभग 8:10 बजे बेंगलुरु पहुंचना था. इस फ्लाइट की उड़ान के दौरान 1 साल के बच्चे को सांस लेने में भयंकर परेशानी होने लगी और उसके परिवार वालों ने केबिन क्रू को इस पूरी चीज की जानकारी दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले बच्चे की मौत
फ्लाइट में मौजूद डॉक्टर ने बच्चे को तुरंत ही मदद देना शुरू कर दिया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई. हालात ज्यादा गंभीर होने पर शाम करीब 7:20 बजे पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग के लिए इंदौर एयरपोर्ट से परमिशन लेकर फ्लाइट को एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया. फ्लाइट के लैंड होने के बाद में भी लगातार बच्चे को CPR दिया जाता रहा. फ्लाइट के लैंड होने के तुरंत बाद एंबुलेंस की मदद से उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिजनों और फ्लाइट के डॉक्टरों की काफी कोशिशों के बाद भी अस्पताल में पहुंचने से पहले बच्चे की मौत हो गई.
अपने घर जा रहा था बच्चा
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्चे का नाम मोहम्मद अबरार था. यह बच्चा अपने माता-पिता और अपने बड़े भाई के साथ में अपने घर बेंगलुरु वापस लौट रहा था. बच्चे के माता-पिता ने बताया कि फ्लाइट में बैठने से पहले भी बच्चे की स्थिति पूरी तरह से सही नहीं थी, और फ्लाइट के उड़ान के दौरान बच्चे की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई. बच्चे की मौत के बाद में परिजन बिना किसी पोस्टमार्टम से उसका शव लेकर घर वापस चले गए हैं.
