बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार के साथ धोखाधड़ी की है. उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान तीखा बयान दिया है.
बिहार की राजनीति पर अखिलेश यादव
बिहार की राजनीति में आए बदलाव को लेकर अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखा बयान दिया है. अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वे चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के पद पर राजनीति से सन्यास लें, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि उन्हें राज्यसभा सदस्य होकर रिटायर होना पड़ेगा. अखिलेश यादव ने इस दौरान भाजपा के ऊपर धोखा देने का आरोप भी लगाया है.
राज्यसभा सदस्य के रूप में होना पड़ेगा रिटायर
राजस्थान के जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे INDIA गठबंधन के भी कई साथियों की इच्छा थी कि नीतीश कुमार देश का नेतृत्व करते हुए राजनीति से विदा लें लेकिन अब लगता है कि उन्हें राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सोचिए कि बीजेपी ने उनके साथ कितना बड़ा धोखा किया है.
नीतीश कुमार ने ले ली शपथ
अखिलेश यादव का यह बयान नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद आया है. जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार जल्दी ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी दे देंगे. जिसके बाद NDA बिहार में नया नेता चुन सकती है. अखिलेश के बयान को लेकर कई लोगों का यह भी मानना है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं बल्कि व्यापक राजनीतिक संदेश भी है.
INDIA ब्लॉक को तैयार करने अहम भूमिका
आपको बता दें कि साल 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA ब्लॉक को तैयार करने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही थी. उन्हें संभावित प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर भी देखा जा रहा था. हालांकि चुनाव से पहले नीतिश कुमार ने जेडीयू के साथ एनडीए के साथ जाने का फैसला किया था. अब उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है, जिसके बाद अखिलेश यादव का बयान आया है.
यह भी पढ़ें- होर्मुज में रुके भारतीय जहाज, 16 जहाजों की रफ्तार पर लगा ब्रेक; इंडियन नेवी की परमिशन का कर रहे इंतजार
