सपा मुखिया अखिलेश यादव सहारनपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने BJP सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने वाली है. उन्होंने गन्ना भुगतान, अग्निवीर, आरक्षण और किसानों को लेकर कई बड़े वादे किए.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को सहारनपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार से जनता बेहद परेशान है. उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनना तय हो गया है.
किसानों से बड़ा वादा
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने इस दौरान गन्ना किसानों के लिए बड़ा वादा किया. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में गन्ने का भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा. उन्होंने किसानों को बेहतर बीज, सस्ता कीटनाशक, ट्रेनिंग और फसल का उचित मूल्य देने की भी बात कही.
अग्निवीर व्यवस्था को कर देंगे खत्म
इस दौरान अखिलेश यादव ने युवाओं के मुद्दे पर भी बात की. अखिलेश यादव ने अग्निवीर व्यवस्था खत्म कर सेना में पक्की भर्ती बहाल करने का ऐलान किया. साथ ही उन्होंने सहारनपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जरूरत के मुताबिक स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की बात भी कही है.
सपा मुखिया ने इस दौरान जल जीवन मिशन पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि कई जगह पाइप और टंकियां तो हैं लेकिन पानी नहीं है. एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों में गड्ढे गंभीर मुद्दा हैं और जनता चुनाव में इसका हिसाब लेगी.
नोटबंदी को बताया विफल
सहारनपुर के बैंक करेंसी चेस्ट में नकली नोट मिलने के मामले को लेकर अखिलेश यादव ने नोटबंदी को फेल होने वाली योजना बताया. उन्होंने इस दौरान कहा कि नोटबंदी के बाद नकली करेंसी और कालेधन पर रोक लगाने का दावा किया गया था लेकिन अब बैंकिंग सिस्टम में ही नकली नोट सामने आ रहे हैं.
आरक्षण पर भी की बात
इस दौरान उन्होंने आरक्षण पर भी बात की. उन्होंने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और रहेगा. उन्होंने जातीय जनगणना का समर्थन करते हुए आबादी के अनुपात में हक और सम्मान देने की बात कही. अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सहारनपुर की स्थानीय जरूरतों के अनुसार विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी और किसान, व्यापारी, कारीगर, युवा तथा आम लोगों को केंद्र में रखकर विकास का खाका तैयार किया जाएगा.
