Amroha Wedding Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक दुल्हन को लेने के लिए 2 बारातें पहुंच गईं. जिसके बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. हालातों को खराब देखते हुए मौके पर पुलिस प्रशासन को भी बुलाया गया.

एक दुल्हन के लिए पहुंची 2 बारातें
उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अमरोहा कोतवाली के कैलसा बाईपास में मौजूद एक बैंकट हॉल में रविवार को एक दुल्हन को के लिए 2 बारातें पहुंच गईं. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद के रहने वाले पहले दूल्हे से मंगनी टूटने के बाद दुल्हन का रिश्ता संभल के रहने वाले दूल्हे के साथ तय कर लिया गया था.
मौके पर पहुंची पुलिस
शादी की तैयारियां पूरी होने के कारण मुरादाबाद वाला दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया और मौके पर पहुंचकर तनाव शुरू हो गया. यह पूरा मामला संभल और मुरादाबाद वाले दूल्हों के बीच फंस गया. जिसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और तीनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें समझाया. जिसके बाद पुलिस ने दुल्हन की बात सुनकर संभल वाले दूल्हे के साथ उसका निकाह करवा दिया.
मंगनी के बाद टूट गया था रिश्ता
जानकारी के मुताबिक दुल्हन की मंगनी पहले मुरादाबाद के लड़के से हुई थी, जिसके बाद परिवारों के बीच कोई विवाद हो गया, तो रिश्ते को खत्म कर दिया गया. हालांकि कार्ड बंट चुके थे और शादी की तैयारियां पूरी हो गई थीं, जिसके कारण मुरादाबाद वाला दूल्हा भी बारात लेकर पहुंच गया. एक साथ 2 बारातियों को देखकर माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालातों को देखते हुए दुल्हन पक्ष ने तुरंत ही पुलिस को फोन करके मौके पर बुला लिया.
संभल वाले दूल्हे के साथ हुआ निकाह
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों पक्षों को समझाया. जिसके बाद दुल्हन की पसंद को पूछते हुए संभल वाले दूल्हे के साथ उसके निकाह की रस्में पूरी करवाई गईं. मुरादाबाद वाला दूल्हा बिना दुल्हन को लिए ही बारात को वापस ले गया. हालातों के खराब होने के बाद भी इस मामले में किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई. पुलिस ने तीनों पक्षों को समझाकर मामले को मौके पर ही निपटा दिया.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! अचानक आपस में टकराईं 6 गाड़ियां; LPG ट्रक ने बढ़ाया हादसे का खौफ
