दिल्ली में शराब नीति घोटाले से जुड़े केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज मामले में अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया है. जिसके बाद अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस की है.
आवास से पार्टी के ऑफिस तक रोड शो
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को शराब नीति घोटाले से जुड़े केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज मामले में राहत मिली है. अदालत ने दोनों को इस मामले में बरी कर दिया है. कोर्ट का यह फैसला आने के बाद में अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास से लेकर पार्टी के दफ्तर तक रोड शो किया है. इस दौरान उन्होंने अपने हाथ में गदा लेकर अपने सभी समर्थकों का अभिवादन किया.
पीएम मोदी और अमित शाह देश से मांगे माफी- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट का फैसला आने के बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले को ऐतिहासिक बताया और अमित शाह और पीएम मोदी के ऊपर हमला किया. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने मिलकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बड़ी साजिश रची थी. केजरीवाल ने कहा कि जब इन्हें लगा कि दिल्ली में ये लोग नहीं हरा सकते हैं, तो इन लोगों ने इस तरह की साजिश रच दी. केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह को आज पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए.
मैंने सिर्फ ईमानदारी का कमाया- केजरीवाल
केजरीवाल का कहना है कि मैंने आज तक सिर्फ ईमानदारी का कमाया है. मुझे जेल जाने से काफी फर्क पड़ता है. केजरीवाल ने कहा कि मैं वो नेता नहीं हूं जिसकी मोटी चमड़ी है. मेरे जेल जाने से मेरे परिवार पर काफी फर्क पड़ता है. इस दौरान उन्होंने बीजेपी के ऊपर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज इन लोगों ने दिल्ली की क्या हालत कर दी है. मैंने 5 हजार स्कूल बनाए, आप 500 स्कूल बनाकर दिखा दो. आज के समय दिल्ली की सड़कें इतनी ज्यादा खराब हैं कि हर जगह पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं.
जितना मैंने किया उतना करके दिखा दो- अरविंद केजरीवाल
उन्होंने कहा कि जितना काम मैनें दिल्ली के लिए किया है अगर आप उतना कर दोगे तो चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल को जेल में डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कट्टर ईमानदार है. आज कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया है. कोर्ट ने लगभग 600 पेजों के आदेश में सभी सबूतों और गवाहों को देखते हुए कहा कि इसमें इतना भी सबूत नहीं है कि इस मामले में मुकदमा चलाया जा सके. उन्होंने कहा कि मैं ज्यूडिशियरी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं. उन्होंने कहा कि जज साहब का धन्यवाद करना चाहता हूं. आज के समय में सभी संस्थाओं को और सारे अथॉरिटीज को डराया धमकाया जा रहा है, ऐसे माहौल में जज साहब ने न्याय करने में बहुत हिम्मत दिखाई है.
अदालत ने अपने इस फैसले में कहा है कि इस मामले में जांच में कोई आपराधिक षड्यंत्र नहीं मिला है. राउज एवेन्यू कोर्ट सीबीआई मामले में सुनवाई कर रही थी. सूत्रों के मुताबिक इस फैसले को चुनौती देने के लिए सीबीआई दिल्ली हाईकोर्ट तक जाएगी.
यह भी पढ़ें- यूपी का भगोड़ा राशिद नसीम दुबई से गिरफ्तार, 100 से ज्यादा धोखाधड़ी की FIR
