उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक महिला ने बुर्का पहनकर ज्वेलरी श़ॉप से लाखों रुपए का सोना गायब कर दिया. महिला ने नकली तमंचे के दम पर दुकानदार को धमकाया और लूट को अंजाम दिया.
नकली तमंचे के बल पर लूट
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक ज्वेलरी शॉप में लाखों का हार एक महिला ने गायब कर दिया. जानकारी के मुताबिक गुरुवार को एक महिला बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप के अंदर घुसी और उसने नकली तमंचे की धमकी देकर 26 ग्राम सोना लूटा और फिल्मी अंदाज में फरार हो गई. पूरी घटना अयोध्या के रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अग्रवाल कॉम्प्लेस में मौजूद एक ज्वेलरी शॉप की है.
बैग में रख लिया जेवर
जानकारी के मुताबिक दोपहर लगभग 12.30 बजे के आसपास एक महिला बुर्का पहनकर दुकान में घुसी और सोने का हार और चेन दिखाने के लिए कहा. जिसके बाद पहले महिला ने पानी मांगा और फिर मिठाई के लिए कहा. जिसके बाद सभी का ध्यान अपने कामों में लग गया. इसी दौरान जब किसी कर्मचारी का ध्यान काउंटर की तरफ नहीं रह गया, तो महिला ने लगभग 26 ग्राम सोने के जेवर अपने बैग में रख लिए.
बाहर खड़ा था महिला का शादी
इस दौरान जब दुकानदार ने महिला को रोकने की कोशिश की तो उसने तमंचा निकाला और दुकानदार को धमकी दी. महिला इसके बाद दुकान से बाहर भागी जिसके पीछे दुकान का मालिक भी भागा. हालांकि महिला का साथी पहले से ही बाइक लेकर बाहर खड़ा था और दोनों बाइक से तेज रफ्तार के साथ भाग गए. यह पूरी घटना दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
पुलिस ने किया दोनों को गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तुरंत ही जांच शुरू की और 50 से ज्यादा कैमरों की फुटेज को खंगाला. पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों की पहचान कर ली. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया. पुलिस ने दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और नकली तमंचा भी बरामद किया है. दोनों आरोपियों की पहचान पायल और उसके प्रेमी राहुल के रूप में की गई है.
यह भी पढ़ें- गंगाजल की कसम के बाद खून से रंगी कहानी! रिश्ते से इनकार करना पड़ा भारी; युवक ने चाकू से की महिला की हत्या
