namaz attempt in ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में अब्दुल अहद शेख को नमाज पढ़ने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया है. घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई और खुफिया टीम ने उसकी मंशा और यात्रा की जांच शुरू कर दी है.

namaz attempt in ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में शनिवार सुबह सुरक्षा में हलचल मच गई, जब एक व्यक्ति को मंदिर में धार्मिक गतिविधि करते हुए पकड़ा गया. सुरक्षाबलों के मुताबिक, युवक राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहा था. यह घटना मंदिर के दक्षिणी परकोटे के पास हुई है. सुरक्षा टीम ने तुरंत हस्तक्षेप किया और युवक को हिरासत में ले लिया है.
युवक ने रोकने के बाद कुछ नारे भी लगाए हैं. सुरक्षा बलों ने उसकी पहचान की और तुरंत वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया एजेंसियों को घटना की जानकारी दी. मौके पर पुलिस और खुफिया टीम पहुंचे और युवक से पूछताछ शुरू की, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मंदिर परिसर में उसकी मंशा क्या थी और वह वहां कैसे पहुंचा था.
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अब्दुल अहद शेख के रूप में हुई है. वह जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 55 साल बताई जा रही है. शुरुआती जांच में यह सामने आया कि अब्दुल मंदिर में दर्शन के बाद सीता रसोई के पास नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहा था. उसकी मानसिक स्थिति को लेकर परिवार ने भी चिंता जताई है.

सुरक्षा बलों ने तलाशी के दौरान अब्दुल के पास से काजू और किशमिश बरामद किए हैं. पूछताछ में उसने अजमेर जाने की बात कही थी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि वह अयोध्या क्यों आया और किसके कहने पर मंदिर परिसर में गया था. इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी, यह भी पता लगाया जा रहा है.
इस मामले में अयोध्या पुलिस और खुफिया टीम ने कश्मीर में भी पड़ताल शुरू कर दी है. अब्दुल के घर शोपियां स्थित सुरक्षाकर्मी पहुंचे, जहां उसके बेटे ने बताया कि पिता घर से पांच-छह दिन पहले निकले थे. परिवार को उनकी यात्रा की जानकारी नहीं थी. घटना के बाद राम मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
