cds anil chauhan operation sindoor: CDS अनिल चौहान ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की सैन्य कमजोरियों को उजागर किया है और उन्हें संवैधानिक बदलाव करने पर मजबूर किया है.

cds anil chauhan operation sindoor: पुणे पब्लिक पॉलिसी फेस्टिवल में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को अपने सैन्य और संवैधानिक ढांचे में बड़े बदलाव करने के लिए मजबूर कर दिया है. उनका कहना था कि पाकिस्तान का हालिया संवैधानिक संशोधन इस बात का सबूत है कि यह अभियान उनके लिए बहुत नुकसानदेह था. चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल रोक पर है, लेकिन इसने पाकिस्तान की कमियों और उसकी सैन्य कमजोरियों को उजागर कर दिया है. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने अपने संविधान के अनुच्छेद 243 में बदलाव करते हुए जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के चेयरमैन का पद हटा दिया है. इस पद को तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय के लिए बनाया गया था. अब इसके स्थान पर चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज का नया पद बनाया गया है.
हालांकि CDS अनिल चौहान ने यह चिंता भी जताई कि नए पद का चयन केवल सेना प्रमुख की सिफारिश पर होगा. उनका कहना था कि यह कदम तालमेल बनाकर काम करने की भावना के खिलाफ है और शक्ति के केंद्रीकरण की दिशा में एक बड़ा संकेत देता है. अब पाकिस्तान में सेना प्रमुख के जिम्मे केवल जमीनी ऑपरेशन ही नहीं, बल्कि नौसेना, वायुसेना और परमाणु तथा रणनीतिक मामलों का भी कंट्रोल होगा.
चौहान ने यह भी बताया कि ऑपरेशन सिंदूर से भारत को कई महत्वपूर्ण परिचालन सबक मिले हैं. भारत उरी सर्जिकल स्ट्राइक, डोकलाम गतिरोध, गलवान संघर्ष और बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे अभियानों के अनुभवों के आधार पर अपनी रक्षा प्रणाली को और मजबूत बना रहा है. यह अनुभव ज्वाइंट थिएटर कमांड सिस्टम की योजना में शामिल किया गया है.

इस प्रणाली के तहत सभी सेनाओं के संचालन का समन्वय बेहतर होगा. भारत ने लक्ष्य रखा है कि यह पूरी तरह मई 2026 तक लागू हो जाए. हालांकि, भारतीय सशस्त्र बल इसे समय से पहले लागू करने के लिए सक्रिय हैं. CDS ने कहा कि इस नई प्रणाली से भारत की रणनीतिक क्षमता और युद्ध संचालन में तेजी आएगी और भविष्य के खतरों से निपटने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
