बागलकोट में एक कार से हादसा हो गया. यहां पेट्रोल पंप पर रिवर्स कार ने बाइक में टक्कर मार दी. इसके बाद कार पेट्रोल डिस्पेंसर से टकराई. इस घटना में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कर्नाटक के बागलकोट जिले से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां स्थित इलाकल में जियो पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने आए एक कार चालक ने ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलरेटर दबा दिया. इसके बाद कार बेकाबू हो गई. बेकाबू कार ने रिवर्स होते हुए एक बाइक पर सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी और सीधे पेट्रोल डिस्पेंसर मशीन से जा टकराई. इस खौफनाक घटना का लाइव फुटेज पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.
बाइक सवार हुए घायल
जानकारी के मुताबिक़ हादसा उस समय हुआ जब पेट्रोल पंप पर आम दिनों की तरह वाहनों की आवाजाही चल रही थी. पुलिस के अनुसार बेकाबू कार इलाकल निवासी कार्तिक की थी. कार को संभालते समय चालक से ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलरेटर दब गया, जिससे कार तेज रफ्तार में रिवर्स हुई. इस हादसे में बाइक पर सवार बसनागौड़ा और सिद्धनागौड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों घायलों को तुरंत पास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
डिसपेंसर से टकराई कार
बताया जा रहा है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सीधे पेट्रोल डिसपेंसर से जा टकराई, जिससे बड़ा खतरा पैदा हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि डिस्पेंसर क्षतिग्रस्त हो गया और पेट्रोल पंप परिसर में हर तरफ तेल फैल गया. पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए तुरंत पेट्रोल और मशीनों पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया. कर्मचारियों की मुस्तैदी से पेट्रोल में आग नहीं लग सकी. अगर पेट्रोल में आग लग जाती तो वहां बड़ा विस्फोट हो सकता था और कई लोगों की जान जा सकती थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस पूरी घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा. इलाकल नगर पुलिस थाना टीम ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
