Baghpat Friend Murder: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी. युवक को शक था कि उसकी पत्नी के दोस्त के साथ अवैध संबंध हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को भी बरामद कर लिया है.

युवक ने की दोस्त की हत्या
उत्तर प्रदेश के बागपत से दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक के चलते जिगरी दोस्त की हत्या कर दी. जिसके बाद उसके रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने भांजे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची. आरोपी अपने भांजे के साथ मिलकर शव को स्कूटी पर रखकर जंगल में ले गया और वहां कुएं में फेंक दिया.
पुलिस से की परिजनों ने शिकायत
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बागपत के छपरौली छाना क्षेत्र की है. यहां के सिनौली गांव में एक नकुल नाम के व्यक्ति ने पुलिस को जानकारी दी थी, कि उसके भाई मुकुल अपने मंजीत नाम के दोस्त बुलाने पर घर से गया था, लेकिन वह वापस नहीं आया. जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच को शुरू किया और मंजीत के ऊपर शक के चलते उसे हिरासत में ले लिया.
पत्नी के साथ अवैध संबंध का था शक
जब पुलिस ने मंजीत से सख्ती के साथ पूछताछ की, तो उसने पूरी बात पुलिस को बता दी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे मुकुल और अपनी पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का शक था, जिसके कारण उसने खौफनाक कदम उठाया. मंजीत ने मुकुल को शराब पार्टी के नाम पर घर बुलाया था और इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. जिसके बाद मंजीत ने गुस्से में आकर युवक के सीने में गोली मार दी, जिससे मुकुल की मौके पर ही मौत हो गई.
कुएं में फेंका हत्या के बाद शव
युवक की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने भांजे की मदद ली. आरोपी ने शव को स्कूटी पर लादकर जंगल में मौजूद कुएं में फेंक दिया, जिससे किसी को भी पता न लग पाए. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को कुएं के अंदर से बरामद कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.
यह भी पढे़ं- इंस्टाग्राम पर दोस्ती और अपहरण! दुर्ग में नाबालिग को हनीट्रैप में फंसाया; मांगी 1 करोड़ की फिरौती
