उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सगी बड़ी बहन ने अपनी छोटी बहन की हत्या कर दी. मासूम ने युवती को उसके प्रेमी के साथ खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और पापा को सब कुछ बताने की धमकी दी थी.
बड़ी बहन ने की छोटी बहन की हत्या
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में मौजूद बसारी गांव में एक 11 साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत हुई थी. जिसके बाद यह मामला सोचा-समझा हत्यकांड निकला है. मामले में सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि इस हत्याकांड को किसी बाहर के इंसान ने नहीं बल्कि मृत की सगी बहन और उसके प्रेमी ने अंजाम दिया है.
युवती का चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की बड़ी बहन का प्रेम प्रसंग उसके पड़ोसी गांव के लड़के से चल रहा था. दोनों की मुलाकात लगभग 2 महीनों पहले फेसबुक के जरिए हुई थी. जब युवती के पिता को यह बात पता लगी, तो उन्होंने विरोध करते हुए युवती के मोबाइल को तोड़ दिया. जिसके बाद भी युवती अपने प्रेमी के साथ चोरी-छिपे संपर्क में रही थी.
खेत में आपत्तिजनक स्थिति में था देखा
पुलिस ने मृतका की पहचान 11 साल की अनुष्का के रूप में और आरोपियों की पहचान उसकी 18 साल की बड़ी बहन काजल और उसके 20 साल के प्रेमी शिवम के रूप में की है. जानकारी के मुताबिक घटना वाले दिन अनुष्का ने एक खेत में काजल और शिवम को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. जिसके बाद उसने कहा कि वह पापा को सब बता देगी. इसी डर के कारण काजल और शिवम ने मिलकर घटना को अंजाम दे दिया.
पुलिस को गुमराह करने वाले दिए बयान
दोनों ने साथ मिलकर मासूम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद काजल ने घर जाकर अनुष्का के लापता होने का नाटक किया. जिसके बाद खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने वाले जवाब भी दिए. हालांकि बाद में पुलिस की कड़ी पूछताछ में काजल और उसके प्रेमी शिवम ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट की जंग में हूती की एंट्री! यमन से इजरायल की ओर दागी गई मिसाइल; दक्षिणी इजरायल में बजने लगे सायरन
