उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पत्नी ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. पति अक्सर शराब पीकर घर आता था, जिससे घर में विवाद होता था. इसी विवाद के दौरान व्यक्ति की हत्या कर दी गई.
पत्नी ने किया पति का मर्डर
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पत्नी ने अपने बेटे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि महिला का पति आए दिन शराब पीकर घर पर आता था और मारपीट करता था. बुधवार को व्यक्ति शराब पीकर घर पर आया और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट करने लगा. इसी दौरान मां और बेटे ने उसकी हत्या कर दी.
पत्नी और बेटे ने किया सिर पर हमला
जब व्यक्ति घर पर मारपीट कर रहा था उस दौरान पत्नी और बेटे ने पास में रखे डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया. इस हमले में व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के मुताबिक पूरा मामला जिले के मसौली थाना क्षेत्र के कुरथरा गांव का है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
दोपहर के समय हुई वारदात
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ललित कुमार के रूप में की गई है. वह बुधवार को दोपहर लगभग 12 बजे घर में मारा गया. बताया जा रहा है कि पहले युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. व्यक्ति के परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था और शराब पीने के कारण अक्सर घर में विवाद होता था.
आरोपियों से हो रही पूछताछ
बुधवार को भी इसी तरह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. इस विवाद के दौरान व्यक्ति की पत्नी और उसके 12 साल के बेटे अभय ने उसकी हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि 15 साल पहले व्यक्ति की शादी हुई थी और उसके 2 बच्चे हैं. उसका बड़ा बेटा 12 साल का है और एक 4 साल की मिस्टी नाम की बेटी भी है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में ठंडक! उत्तराखंड-हिमाचल में लगातार गिर रही बर्फ; जानें क्या हैं हालात
