बरेली में गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए दो सगे भाइयों ने एक ऑटो को लूट लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले सवारी बनकर ऑटो में बैठे, फिर सुनसान जगह पर चालक पर हमला कर ऑटो लेकर फरार हो गए. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने और मौज-मस्ती के लिए रुपये जुटाने के चक्कर में दो भाइयों ने ऑटो चालक को लूट लिया. जानकारी के मुताबिक दोनों पहले सवारी बनकर ऑटो में बैठे और रास्ते में ऐसी जगह तलाशते रहे, जहां वारदात के बाद आसानी से भाग सकें. जिसके बाद बहेड़ी के जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक से रूट बदलवाकर सुनसान रास्ते पर ऑटो ले जाने को कहा. मौका मिलते ही पीछे बैठे एक आरोपी ने चालक के सिर पर करीब दो किलो का लोहे का बाट मार दिया. इसी दौरान दूसरे आरोपी ने गले में गमछा डालकर खींचा और घायल चालक को सड़क पर गिराकर ऑटो लेकर फरार हो गए. भोजीपुरा थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. उनका एक साथी अभी फरार है.
500 रूपये में बुक दिया ऑटो
पुलिस के मुताबिक सुभाषनगर के सनिया धन सिंह निवासी सग्गन ऑटो चलाते हैं. 27 अगस्त की रात में सेमीखेड़ा के रहने वाले विशाल उर्फ छोटू, उसका भाई भारत रत्न और उनका साथी शिवम बाइक से बरेली आए थे. तीनों ने ऑटो लूटने की योजना बनाई. जिसके बाद तीनों ने सिटी स्टेशन पर सग्गन का ऑटो जादौपुर जाने के लिए 500 रुपये में बुक किया. शिवम और भारत रत्न ऑटो में बैठ गए, जबकि विशाल अपनी बाइक से पीछे चलने लगा.
सुनसान जगह पर ऑटो चालक पर किया हमला
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑटो में बैठकर रास्ते में ऐसी जगह तलाश रहे थे, जहां चालक को आसानी से निशाना बनाया जा सके. जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को वसुंधरा ढाल से शेरगढ़ की तरफ जाने वाले रास्ते पर चलने के लिए कहा. रात का समय होने के कारण रास्ता सुनसान था. सुनसान जगह पहुंचते ही शिवम ने थैले से करीब दो किलो का लोहे का बाट निकाला और चालक के सिर पर पीछे से वार कर दिया. अचानक हुए हमले से चालक ऑटो रोककर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर भाग गए और विशाल बाइक से उनके पीछे चलता रहा.
दुकान में छिपा दिया लूट का ऑटो
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर सेमीखेड़ा पहुंचे. पुलिस का कहना है कि विशाल और भारत रत्न ने लूटे गए ऑटो को अपनी दुकानों के अंदर छिपा दिया था. उनकी योजना कुछ दिन मामला शांत होने के बाद ऑटो को बेचने या किसी दूसरे तरीके से ठिकाने लगाने की थी. चालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. रविवार तड़के तीनों आरोपी सेमीखेड़ा से बरौर जाने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 2:12 बजे विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को पकड़ लिया. पुलिस को देखते ही शिवम भाग निकला.
एसपी साउथ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपों की तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस ने दोनों भाइयों के पास से सग्गन का लूटा हुआ ऑटो यूपी 25 जेटी 0829 बरामद कर लिया. तलाशी के दौरान 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी मिले. इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
