झारखंड के गुमला में जुए के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपनी 70 साल की बुजुर्ग मां की धारदार हथियारों से हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
झारखंड के गुमला जिले में रिश्तों को तारतार करने वाली एक घटना सामने आई है. घाघरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में जुआ खेलने के लिए पैसे मांगने पर मां के इनकार से नाराज एक बेटे पर अपनी मां की हत्या का आरोप है. पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे परदेसिया महतो को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या के बाद वारदात के सबूत मिटाने की भी कोशिश की. उसने अपनी मां का शव घर से दूर एक सुनसान खेत में फेंक दिया और घर में मौजूद खून के निशान मिटाने के लिए गोबर और पानी से सफाई कर दी.
पैसे ना देने पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक आरोपी परदेसिया महतो ने अपनी मां 70 साल की बुजुर्ग तेतरी देवी से जुआ खेलने के लिए पैसे मांगे थे. मां के पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार टांगी और हसुआ से मां के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने और हत्या के साक्ष्य मिटाने की कथित तौर पर कोशिश की. पुलिस के अनुसार उसने घर में फैले खून के निशान और दूसरे सबूतों को मिटाने के लिए गोबर और पानी से घर की लिपाई और सफाई की. इसके बाद उसने मां के शव को घर से कुछ दूरी पर मौजूद एक सुनसान खेत में ले जाकर फेंक दिया. हत्या में इस्तेमाल किए गए टांगी और हसुआ को भी पानी से धोने की बात सामने आई है.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
हालांकि आरोपी की यह योजना ज्यादा देर तक सफल नहीं हो सकी. गांव के कुछ लोगों ने घर के पास स्थित खेत में तेतरी देवी का खून से लथपथ शव देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने घाघरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम नाथपुर गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के बेटे परदेसिया महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए घटनाक्रम की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घाघरा थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है. वहीं, हत्या में इस्तेमाल किए गए बताए जा रहे टांगी और हसुआ को भी पुलिस ने बरामद कर कब्जे में ले लिया है.
