बरेली के शाही कस्बे में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है. इसके लिए दो टीमों के गठन किया गया है.
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान कर देने बड़ी घटना सामने आई है. यहां शाही कस्बे में नौ साल की बच्ची के साथ रेप की कोशिश का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद से मोहल्ले में तनाव है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया गया है और पुलिस ने उसके बयान भी दर्ज किए हैं. आरोपी की पहचान साबिर उर्फ सोनू के रूप में हुई है. घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है.
पैसे का दिया लालच
पुलिस के मुताबिक बच्ची के साथ यह घटना रविवार को हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसे पैसे देने का लालच देकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की थी. इससे पहले भी वह बच्ची को पैसों का झांसा देकर साथ ले जाने का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय बच्ची उसके साथ नहीं गई थी. रविवार को वह खेल-खेल में आरोपी के साथ चली गई. बाद में घर लौटकर उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया.
पुलिस ने किए बच्ची के बयान दर्ज
परिजनों को इस मामले की जानकारी होने के बाद उन्होंने मामला पुलिस तक पहुंचा. इसके बाद पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज किए और मेडिकल कराया. बच्ची ने अपने बयान में आरोपी पर उससे छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपी पहले भी कर चुका था कोशिश
जानकारी के मुताबिक़ घटना के बाद से आरोपी साबिर उर्फ सोनू की तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी अभी तक पकड़ में नहीं आया है. उसकी दुकान भी बंद है. पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जिससे आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. मोहल्ले के कुछ लोगों ने आरोपी के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि उसके चाल-चलन को लेकर पहले से चर्चाएं थीं और लोग बच्चों को उससे दूर रखने की बात कहते थे. स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पहले भी बच्ची को रुपये देने का लालच देकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर चुका था.
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. मेडिकल रिपोर्ट दो दिन बाद मिलने की उम्मीद है. पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
