अमृतसर में विवाद के बीच एक महिला ने अपने प्रेमी के घर में आग लगा दी. इस दौरान पीड़ित परिवार का लाखों का सामान जलकर राख हो गया. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और महिला को हिरासत में लिया है.
पंजाब के अमृतसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अमृतसर के फतेहगढ़ चुरियन रोड से सटी बाबा दीप सिंह कॉलोनी में एक महिला ने प्रेम विवाद के चलते अपने प्रेमी के घर में आग लगा दी. इस आगजनी में पीड़ित परिवार का पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया. मामले को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
फ़ोन और पैसे मांगना किए शुरू
अब इस घटना के बाद पीड़ित युवक की पत्नी ने मीडिया के सामने रोते हुए अपना दुख व्यक्त किया. उसने बताया कि वह घर में लेटी हुई थी, तभी अचानक आरोपी महिला घर में घुस आई और अलमारी खोलने लगी. जब उसने महिला को रोका और पूछा कि वह क्या कर रही है, तो आरोपी महिला ने उसका फोन और पैसे मांगने शुरू कर दिए.
आरोपी महिला से पति का अफेयर
बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी महिला ने अलमारी से पैसे निकाले और उसे और उसके मासूम बच्चे को घर से बाहर धकेल दिया. जानकारी के मुताबिक उसके बाद वह पेट्रोल की बोतल और लाइटर लेकर आई और घर में आग लगा दी. पीड़ित की पत्नी ने आगे बताया कि उसकी शादी को चार साल हो गए हैं और कुछ समय से उसके पति का आरोपी महिला के साथ अफेयर चल रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार के बहुत समझाने के बावजूद वह महिला पति को छोड़ने को तैयार नहीं है. बल्कि, वह हमें घर से निकालने की धमकी दे रही है.
पीड़ित परिवार को हुआ काफी नुकसान
परिवार के बुजुर्गों और पड़ोसियों केमुताबिक, इस घटना में पीड़ित परिवार को 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. अलमारी में रखे सभी घरेलू सामान, कपड़े, गहने और लगभग 95 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए. पीड़ित परिवार के पास अब केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने घटना के समय पहने हुए थे. परिवार ने प्रशासन से न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है. मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि नेहा नाम की एक लड़की और कुलविंदर सिंह उर्फ अजय पिछले कुछ सालों से दोस्त थे. किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ. इसके बाद लड़की उसके घर गई और उसमें आग लगा दी.
लड़की को हिरासत में लिया
पुलिस अधिकारी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि लड़की की शिकायत के आधार पर पहले मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद, लड़के द्वारा लड़की के घर जाकर तोड़फोड़ करने और नुकसान पहुंचाने के आरोप में भी एक क्रॉस केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने लड़की को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है.
