इलाहाबाद हाई कोर्ट ने चीनी मांझे की बिक्री पर टिप्पणी की है. कोर्ट ने माझे कि बिक्री रोकने के लिए पुलिस की ओर से किए गए प्रयासों को नाकाफी बताया है. हाई कोर्ट ने सरकार को स्थायी समाधान के लिए निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ‘चीनी मांझे’ की बिक्री और इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस की ओर से किए गए प्रयासों को नाकाफी बताया है. इस मामले पर कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि भले ही सरकार के हलफनामे में की गई कार्रवाई का जिक्र हो, लेकिन हकीकत यह है कि अखबारों में आम नागरिकों के ‘चीनी मांझे’ से घायल होने की खबरें लगातार आ रही हैं.
SOP तैयार करने के निर्देश
आपको बता दें कि कोर्ट ने यह आदेश मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति सुधांशु चौहान की खंडपीठ ने डॉ. कमल कुमार जायसवाल द्वारा दायर एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई के बाद दिया. कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि यदि पुलिस विभाग के लिए ‘चीनी मांझे’ से जुड़े खतरों से निपटने के लिए कोई ‘मानक संचालन प्रक्रिया’ (SOP) पहले से मौजूद नहीं है, तो उसे तैयार किया जाए.
हाई कोर्ट ने जताया असंतोष
कोर्ट ने माझे को इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे मौजूदा कदमों पर असंतोष जताया है. अब पुलिस विभाग को ‘चीनी मांझे’ के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए की गई स्थायी व्यवस्थाओं के बारे में कोर्ट को सूचित करना होगा. हाई कोर्ट ने इस पर अपनी चिंता जाहिर की है.
3 दिसंबर को अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ‘चीनी मांझे’ से पैदा होने वाले खतरे को रोकने के लिए केवल एक बार की गई कार्रवाई काफी नहीं है. हाई कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई तक, इस मामले में की गई कार्रवाई और SOP की स्थिति के बारे में उसे अवगत कराया जाए. बताया जा रहा है कि अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी.
पुलिस पर बढ़ गया दबाव
आपको बता दें कि ‘चाइनीज मांझा’ को इसके खतरनाक स्वभाव के कारण पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका है. इसके बावजूद, यह बाजारों में बिक रहा है. हाई कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद, यूपी पुलिस पर कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है.
