महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता से बात की है. उन्होंने टाइगर को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है. इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आरोपियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जायेगा.
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद, महाराष्ट्र सरकार हरकत में आ गई है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात करके घटना की जानकारी ली और जांच शुरू करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से भी बात की और उन्हें उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया. वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी टाइगर से बात की है.
मुख्यमंत्री ने दिलाया भरोसा
बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम सब आपके साथ हैं. हम जल्द ही दोषियों को पकड़ लेंगे. आप चिंता न करें. आपको बता दें कि इस घटना के बाद, सरकार ने स्पष्ट किया कि पुलिस दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. वहीँ दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गोलीबारी की घटना को चिंताजनक और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ, दोनों से बात की है. मुंबई पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच करने और दोषियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं.
उन्हीं की भाषा में देंगे जवाब
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें पकड़ा जाएगा और उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि मुंबई और यहां के निवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. चाहे अभिनेता हों या आम नागरिक, सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी है.
90 के दशक का किया जिक्र
आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी गैंग को बख्शा नहीं जाएगा. आपको बता दें कि साल 1990 के दशक में मुंबई में हुए गैंग वार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी मुंबई पुलिस ने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की थी.
सख्त कार्रवाई का दावा
एकनाथ शिंदे ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग मुंबई और महाराष्ट्र में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि सरकार ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेगी. इस घटना के पीछे चाहे कोई भी गिरोह या व्यक्ति हो, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
