मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला हो गया. इस दौरान गोली लगने से 2 लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के पुष्पा पार्क इलाके के पास हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे.
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार की शाम को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए हैं. घटना के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है.
व्लॉगर ने बताई पूरी घटना
इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय ब्लॉगर सलमा शेख ने बताया कि वहां भारी भीड़ थी और अंदर एक बर्थडे पार्टी चल रही थी. तभी एक लड़का आया, एकदम मच्छर सा, भिखारी सा, जैसे कोई फुटपाथ पर रहता हो, वैसा बच्चा था. उसने गाड़ी के पास आकर फायरिंग कर दी. शुरुआत में सबको लगा कि दिवाली के पटाखे फूट रहे हैं. लेकिन जब टाइगर की गाड़ी रुकी और ड्राइवर लहूलुहान होकर बाहर निकला, तब चारों तरफ चीख-पुकार मच गई.
घटना में 2 लोग हुए घायल
मुंबई पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर करीब पांच राउंड फायरिंग की. इस हमले में अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस के हाथ में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि टाइगर के अलावा एक ऑटो ड्राइवर को भी गोली लगी है. उन्हें तुरंत कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है.
लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
आपको बता दें कि इस वारदात के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित और हरमन संधू नाम के हैंडल्स से एक कथित पोस्ट और ऑडियो जारी किया गया. इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सीधे तौर पर चेतावनी दी गई है कि जो कोई भी अभिनेता सलमान खान के साथ काम करेगा या उनका समर्थन करेगा, उसका यही हश्र होगा.
पुलिस की 15 टीमें की गठित
इस घटना के बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटना स्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं. शुरुआती जांच केमुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन हमलावर वारदात को अंजाम देकर जुहू रेलवे स्टेशन की तरफ फरार हो गए. हमलावरों की धरपकड़ के लिए मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों को मिलाकर 15 विशेष टीमें बनाई गई हैं.
