मुजफ्फरपुर में एक युवक की मेला देखने के दौरान हत्या कर दी गई. इसके बाद जब उसका शव गांव पहुंचा तो ग्रामीण आक्रोषित हो गए. लोगों ने गांव में 7-8 घरों में आगजनी कर दी. साथ ही पत्थरबाज़ी भी की.
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की हत्या के बाद जमकर बवाल हुआ. जानकारी के मुताबिक करजा थाना क्षेत्र में मेला घूमने गए नवनीत कुमार की हत्या किए जाने के बाद रविवार सुबह हालात बिगड़ गए. बताया रहा है कि जब पोस्टमार्टम के बाद उसका शव गांव पहुंचा तो, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी की. वहीं इस दौरान 6-7 घरों में आग लगा दी गई. आगजनी के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत ही मोर्चा संभाला. बताया जा रहा है कि अब गांव में भारी पुलिस बल तैनात है.
दोस्तों से हुआ विवाद
आपको बता दें कि पूरी घटना करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव की है. यहां के रहने वाले नवनीत कुमार देर रात अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर नवनीत और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया और उसने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि विवाद के दौरान नवनीत के दोस्तों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और चाकू से भी हमला किया. गंभीर रूप से घायल नवनीत की इलाज के दौरान मौत हो गई.
आधा दर्जन घरों में लगाई आग
जानकारी के मुताबिक देर रात पोस्टमार्टम होने के बाद जब रविवार सुबह नवनीत का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब आधा दर्जन घरों में आग लगा दी गई.
जातीय तनाव में विवाद होने मां डर
आपको बता दें कि हत्या के बाद शुरू हुए उपद्रव और आगजनी से गांव में दहशत का माहौल बन गया. हालात बिगड़ने के डर से कई महिलाएं अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चली गईं. अचानक हुई आगजनी से प्रभावित परिवारों के बीच असुरक्षा की स्थिति पैदा हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते हैं. जिससे यह आक्रोश जातीय तनाव में बदलने की आशंका बढ़ गई है.
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
इस पूरी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया. आगजनी की सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
