दिल्ली के कनॉट प्लेस पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. प्रदर्शनकारी यहां अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में रविवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं व प्रदर्शनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान हाथों में तिरंगा और मोमबत्तियां लिए मार्च निकाल रहीं महिलाओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका. जिसके चलते तीखी नोकझोंक के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया.
हाथ में तिरंगा और कैंडल लेकर निकला मार्च
जानकारी के मुताबिक कनॉट प्लेस के इनर व आउटर सर्किल में रविवार शाम सैकड़ों महिलाएं और छात्र संगठन सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा, मोमबत्तियां और तख्तियां थीं, इस तख्तीयों पर जिन पर अंकिता भंडारी के हत्यारों को सजा देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बहाल करने के नारे लिखे थे. प्रदर्शनकारी सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया.
सीबीआई जांच की मांग
आपको बता दें कि उत्तराखंड से दिल्ली पहुंचे अंकिता भंडारी के माता-पिता ने एक दिन पहले इंडिया गेट पर धरना दिया था. परिवार व प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले में कथित ‘वीआईपी’ चेहरे को बचाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का कड़ा विरोध करते हुए इस नियुक्ति को तुरंत रद्द करने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की.
SIR प्रक्रिया पर आरोप
आपको बता दें कि प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया पर भी धांधली का आरोप लगा रहे हैं. विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का दावा है कि इसके जरिए देश में करोड़ों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं.
इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी
मतदाता सूची विवाद और एकतरफा फैसलों के खिलाफ विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है, जहां सुप्रीम कोर्ट ने आयोग और सीईसी को नोटिस जारी किया है. आपको बता दें कि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए.
पुलिस ने हिरासत में लिया
बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े तोदिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने उन्हें घेर लिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति न होने का हवाला देते हुए महिलाओं और अन्य आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया.
