बेगूसराय जिले में बदमाशों ने एक कार वाशिंग सेंटर संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
बिहार के बेगूसराय जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. यहां बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर खूनी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है. जानकारी के मुताबिक़ फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया-3 में अपराधियों ने एक गाड़ी वाशिंग सेंटर संचालक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते मौके से फरार हो गया.
वाशिंग सेंटर पर मौजूद था मृतक
मृतक युवक की पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र निवासी रामकुमार राम के पुत्र गणेश कुमार के रूप में की गई है. आपको बता दें कि गणेश कुमार अपना गाड़ी वाशिंग सेंटर चलाते थे. घटना के वक्त वह अपने वाशिंग सेंटर पर ही बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक एक अपराधी वहां पहुंचा और गणेश कुमार के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. तीन गोलियां लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
इलाके में दिनदहाड़े अचानक हुई गोलीबारी से भगदड़ मच गई और आसपास के लोगों में डर बैठ गया. घटना की खबर जैसे ही गणेश कुमार के घर पहुंची तो परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई.
मौके पर पहुंचे SP
मामले में शुरुआती जांच के मुताबिक घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. हालांकि हत्या के सही कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है. वारदात की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. फुलवरिया थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है.
