बिहार की बांकीपुर सीट से उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन वापस ले लिया है. अब बीजेपी ने इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है. अभिषेक ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र सौंपकर नामांकन वापस लेने की जानकारी दी है.

बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने अभिषेक कुमार बंटी को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था. अब उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है. अभिषेक ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपा और नामांकन वापस लेने की जानकारी दी है. इस दौरान उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है. अब अभिषेक के नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर दिया है.
पारिवारिक कारणों का दिया हवाला
आपको बता दें कि बांकीपुर सीट से जनसुराज पार्टी से प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं. नामांकन दाखिल करने के लिए 13 जुलाई को आखिरी तारीख है. अभिषेक कुमार ने गुरुवार को इस सीट से उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था, लेकिन एक दिन बाद ही उन्होंने नामांकन वापस लेने का ऐलान कर दिया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं पारिवारिक कारणों की वजह से चुनाव नहीं लड़ रहा हूं.

पार्टी के लिए ईमानदार रहूंगा- अभिषेक
उन्होंने कहा कि मैंने अभी राज्य अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपा है, जिसे मैं सभी के सामने भी पढ़ रहा हूं. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उन्हें बांकीपुर विधानसभा से उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था. मैं इसके लिए राज्य और केंद्र नेतृत्व का आभारी हूं. उन्होंने कहा कि मैं सभी को सूचित करता हूं कि पारिवारिक कारणों से मैं उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं. मैं पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में ईमानदारी से साथ रहूंगा.
नीरज सिन्हा लड़ेंगे उपचुनाव
आपको बता दें कि इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है. अब अभिषेक बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है. उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है. आपको बता दें कि बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, जिनके नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें! TMC के 12 नए बैंक अकाउंट फ्रीज; 1000 करोड़ रुपए मौजूद
