बिहार के मोतिहारी जिले में एकतरफा आशिक ने नाराज होकर युवती के ऊपर एसिड अटैक कर दिया. जिसके बाद युवती बुरी तरह झुलस गई. इस घटना के बाद पुलिस ने प्रियांशु नाम के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
युवती के ऊपर किया एसिड अटैक
बिहार से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. मोतिहारी जिले में एक युवक ने युवती से नाराज होकर उसके ऊपर एसिड अटैक कर दिया. इस हमले में युवती बुरी तरह से झुलसी है. घटना के बाद में पूरे इलाके और परिजनों में हड़कंप मच गया. आपको बता दें यह पूरा मामला पताही थाना क्षेत्र के एक गांव की है. जानकारी के मुताबिक युवक ने युवती के घर में घुसकर उसके ऊपर हमला किया है.
रात के समय हुई घटना
बताया जा रहा है कि युवती ग्रेजुएशन की छात्रा है. वह घटना वाली रात को अपने घर में उसकी मां के साथ में सो रही थी. इसी रात में एक व्यक्ति चोरी-चुपके उसके घर में घुस आया. बताया जा रहा है कि घर की सभी लाइटें बंद थीं. इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, युवक ने लड़की के ऊपर एसिड फेंक दिया. जिसके बाद युवती काफी तेजी से चिल्लाने लगी. लड़की की आवाज सुनकर उसकी मां उठी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग गया था.
युवती का चल रहा इलाज
इस घटना के बाद में युवती को परिजनों ने मोतिहारी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है. युवती की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों के मुताबिक उसका इलाज लगातार चल रहा है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. पीड़ित युवती द्वारा दिए गए बयानों से पता लगा कि आरोपी युवक उसका रिश्तेदार लगता है. युवती ने आरोप लगाया कि वह कई दिनों से उसे मैसेज कर रहा था.
आरोपी दूर का है रिश्तेदार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा के मामा का बेटा उसे काफी समय से मैसेज कर रहा था और जबरदस्ती बातचीत के लिए कह रहा था. युवती ने कई बार प्रियांशु को मना किया, लेकिन वह नहीं माना. जिसके बाद जब युवती ने पूरी तरह से दूरी बना ली, तो आरोपी प्रियांशु नाराज हो गया और बदला लेने के इरादों से इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रियांशु को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस लगातार इस मामले में कार्रवाई कर रही है.
