झारखंड के गिरिडोह जिले में एक व्यक्ति अवैध पिस्टल को हाथ में लेकर रील बना रहा था. इसी दौरान अचानक गोली चल गई. गोली व्यक्ति की पत्नी के चेहरे पर जाकर लग गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
रील बनाने के दौरान चली गोली
झारखंड से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. गिरिडीह जिले में रील बनाने के दौरान एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मार दी. जानकारी के मुताबिक ईसराफिल अंसारी नाम का एक व्यक्ति अवैध पिस्टल के साथ में रील बना रहा था, इसी दौरान अचानक से गोली चल गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि घायल महिला रिम्स में भर्ती है और वहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने एम्बुलेंस का पीछे करके किया गिरफ्तार
यह पूरा मामला धनवार थाना क्षेत्र के परसन ओपी का है. खिजरोसता इलाके में एक व्यक्ति ने रील बनाते समय अपनी ही पत्नी को गलती से गोली मार दी. इस पूरी घटना के बाद में पुलिस ने एम्बुलेंस का पीछा करके आरोपी पति को गिरफ्तार किया और उसका अवैध हथियार जब्त कर लिया. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी बिहार के वैशाली का रहने वाला है.
बिहार का रहने वाला है व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक आरोपी बिहार के वैशाली का रहने वाला है और यहां किराए के घर में रहता था. खोरीमहुआ के SDPO ने बताया कि व्यक्ति मोबाइल पर रील बना रहा ता, इसी दौरान उसने टशन दिखाने के लिए हाथ में अवैध पिस्टल लेकर इधर उधर घुमाई. इसी दौरान अचानक से गोली चल गई, जिससे गोली उसकी पत्नी के चेहरे पर जाकर लग गई. इस घटना के बाद आरोपी अपनी घायल पत्नी को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जा रहा था.
आरोपी के पास से अवैध पिस्टल बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद में पुलिस एक्शन में आई और एम्बुलेंस का पीछा करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. महिला की हालत को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया हुआ अवैध पिस्टल बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूला कि रील बनाने के दौरान यह पूरी घटना हुई है.
यह भी पढ़ें- पतंग लूटने के चक्कर में चली गई जान, चंडीगढ़ में ट्रेन की चपेट में आए 2 बच्चे, इलाके में मचा हड़कंप
