चंडीगढ़ में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. हरमिलाप नगर कॉलोनी में पतंग लूटने में व्यस्त 2 बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
ट्रेन की चपेट में आए 2 मासूम
चंडीगढ़ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में पतंग का पीछा करते हुए 2 मासूम बच्चे तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए. ट्रेन की चपेट में आने के कारण दोनों बच्चों की मौके पर मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चों की उम्र 10 साल और 13 साल थी. इस हादसे के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है.
चंडीगढ़ के बाहरी इलाके का मामला
रेलवे पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक यह पूरी घटना चंडीगढ़ के बाहरी इलाके बालटाना की हरमिलाप नगर कॉलोनी की है. अधिकारियों ने बताया कि वहां कई बच्चे पतंग उड़ा रहे थे. जिसमें से एक पतंग कटकर रेलवे ट्रैक की तरफ आ गई. जिसके बाद सभी बच्चे रेलवे ट्रैक की तरफ दौड़ने लगे. उन बच्चों में से 2 बच्चे पतंग लूटने के लिए सबसे आगे निकल आए. जिसके बाद एक ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.
पतंग लूटने में व्यस्त थे बच्चे
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे पतंग को लूटने में इतना व्यस्त हो गए थे, कि उन्हें सामने से आ रही ट्रेन दिखी नहीं. जिसके बाद अंबाला से जालंधर की तरफ जा रही एक हाई स्पीड ट्रेन की चपेट में दोनों बच्चे आ गए. बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना ज्यादा भीषण था, कि दोनों बच्चों की तुरंत ही मौके पर मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मामले की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही GRP की टीम मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चे पड़ोसी थे. इस मामले के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रेलवे ट्रैक के आसपास में सुरक्षा की अच्छी व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते यह हादसा हुआ है. लोगों ने प्रशासन से ट्रैक के पास सुरक्षा दीवार और निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
