मध्य प्रदेश के मैहर जिले में शासकीय हाई स्कूल में बच्चों को थाली या प्लेट की जगह पर फटी कॉपियों और किताबों के पेजों में खाना परोसा गया. बच्चे भयंकर ठंड में खुले में जमीन में बैठकर खाना खाते रहे.
थाली की जगह कागज पर खिलाया खाना
मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक शर्मसार कर देने वाली तस्वीर दिखाई दी है. मध्य प्रदेश के मैहर में मौजूद शासकीय हाई स्कूल भटिंगवा में कुछ मासूमों के स्वास्थ्य के साथ खुले आम भद्दा मजाक सामने आया है. यहां गणतंत्र दिवस के दिन आयोजित भोज कार्यक्रम में बच्चों को अच्छे से खाना परोसने की जगह पर रद्दी कॉपियों और स्कूल की फटी हुई किताबों के पेज पर खाना परोस दिया गया.
छोटे बच्चे ठंड में जमीन में बैठे आए नजर
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रहा है. जिसके बाद में लोगों के अंदर प्रशासन को लेकर काफी गुस्सा नजर आ रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहा है, कि छोटे-छोटे बच्चे भयंकर ठंड में खुले में बैठे हुए हैं. उनके लिए न तो खाने के लिए थाली दी गई और न ही किसी तरह की कोई पत्तल दी गई. उनके सामने स्कूल की फटी हुई किताबों के पेज रख दिए गए, जिसमें खाने के लिए बच्चे मजबूर थे.
इस तरह खाना, बीमारियों को दावत
यह पूरा मामला सीधे तौर पर बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है. डॉक्टरों के मुताबिक किताबों या फिर अखबारों में इस्तेमाल होने वाले कागजों में प्रिंटिंग स्याही में सीसा और कई जहरीली चीजें होती हैं. जिससे जब गर्म खाना इनके ऊपर रखा जाता है, तो रसायन पिघल जाते हैं और खाने में मिल जाते हैं. यह पूरी प्रक्रिया बच्चों और बड़ों के लिए भी काफी बीमारियों जैसा काम करती है.
DPC ने दिए जांच के आदेश
इस पूरे मामले के बाद अब प्रशासन अपनी सफाई देने के लिए सामने आया है. जिला परियोजना समन्वयक (DPC) विष्णु त्रिपाठी ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर ब्लॉक संसाधन समन्वयक (BRC) मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार करें. प्रशासन का कहना है कि इस पूरे मामले में लापरवाह शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा! खड़े वाहन में बस ने मारी टक्कर, CRPF के जवान सहित 4 की मौत
