बिहार के पूर्णिया में दोस्तों के ऊपर बाइक सवार बदमाशों ने गोलीबारी की. इस घटना में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

पूर्णिया में फिर फायरिंग
बिहार के पूर्णिया में अपराधियों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. शहर में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. हाट थाना क्षेत्र में मौजूद कॉलेज चौक के पास में 3 बाइक सवार अपराधियों ने कार सवार 2 दोस्तों को गोली मार दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त कार से कटिहार से आए थे.
2 दोस्तों के लगी गोली
इस घटना में घायल युवकों की पहचान कटिहाल जिले के हृदयगंज के रहने वाले अमन कुमार सानू और उसके दोस्त रोहित कुमार के रूप में की गई है. घटना के बाद तुरंत ही दोनों घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि अमन कुमार की हालत काफी गंभीर बनी हुई है. वहीं रोहित के भी पेट में गोली लगी है, जिससे उसकी भी हालत नाजुक है.
कटिहार से आया था युवक
अमन कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने के लिए कटिहार से पूर्णिया आया हुआ था. पहले सभी दोस्तों ने मिलकर मटन पार्टी की थी और उसके बाद कॉलेज गेट के पास में कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से सवार 3 संदिग्ध युवक वहां आए और कार का गेट खोलने के लिए कहने लगे. जब घायलों ने कार को आगे बढ़ाया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस कर रही मामले में जांच
इस दौरान कार की खिड़की का शीशा तोड़कर गोली रोहित कुमार के हाथ में लगी और उसके बाद अमन के पेट में जा धंसी. गोलाबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें- पुणे में महिला वकील से यौन उत्पीड़न! चलती कार में की अश्लील हरकतें; 3 आरोपी गिरफ्तार
