उत्तर प्रदेश से रिश्तो को शर्मसार करने वाली अजीबोगरीब घटना सामने आई है. फतेहपुर में एक लेस्बियन पत्नी ने अपनी महिला प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में अब पत्नी और उसकी प्रेमिका सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है.
पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक अजीबोगरीब घटना का पुलिस में खुलासा किया है. फतेहपुर में एक किसान सुमेर सिंह की उसकी ही लेस्बियन पत्नी ने अपनी महिला प्रेमी मालती के साथ मिलकर किसान को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. इस मामले में आरोपी पत्नी ने 60 हजार रुपए की सुपारी भी दी थी. अब पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसकी महिला प्रेमी सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है.
शव को खेत में फेंक दिया
बताया जा रहा है कि 14 जनवरी को असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में सुमेर सिंह की हत्या की घटना सामने आयी थी. हत्या करने के बाद में आरोपियों ने शव को खेत में फेंक दिया था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रेनु देवी के मालती देवी नाम की एक महिला के साथ लगभग डेढ़ साल से समलैंगिक संबंध थे.
सुमेर सिंह ने पत्नी से मिलने से किया था मना
जानकारी के मुताबिक मालती की पहले ही तीन शादियां हो चुकी थी. इसके बाद भी वह रेनू के घर काफी आती जाती थी. जब इस बात की जानकारी किसान सुमेर सिंह को हुई तो उसने मालती से घर पर आकर रेनू से मिलने में रोक लगा दी. जिसके बाद मालती ने रेनू को एक कीपैड मोबाइल दे दिया और दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई. इसी दौरान सुमेर सिंह की हत्या का प्लान बना. जिसके चलते मालती ने अपनी पहचान के जितेंद्र से मुलाकात की.
60 हजार रुपए की दी थी सुपारी
जितेंद्र से मिलने के बाद दोनों ने उसे हत्या के लिए 60 हजार रुपए की सुपारी दी. जिसके बाद जितेंद्र ने अपने साथी राजू सोनकर और रामप्रकाश के साथ मिलकर सुमेर सिंह की हत्या कर दी. आरोपियों ने पहले तो उसका गला रस्सी से दबाया और फिर चाकू से रेत दिया. हत्या के बाद सुमेर सिंह के शव को अरहर के खेत में फेंक दिया और फरार हो गए. अब पुलिस ने इस मामले में पत्नी रेनू, मालती देवी और हत्या में शामिल राजू सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस जितेंद्र और रामप्रकाश को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
