Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी की तरफ से बयान जारी किया गया है. इसमें कहा गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित हुआ. कुल 37 सीटों में नामांकन पत्र मिले और सभी वैध पाए गए यानी नितिन कोई और नामांकन हुआ ही नहीं. नितिन नबीन के नाम का आधिकारिक ऐलान मंगलवार (20 जनवरी 2026) को होगा.
नामंकन के दौरान कौन-कौन रहा मौजूद रहे
नितिन नबीन के नामांकन में जे. पी. नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी वरिष्ठ नेताओं धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण को नितिन नबीन के नामांकन पत्रों का एक सेट सौंपा. इसके बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्य के अन्य नेताओं ने भी नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक और सेट दाखिल किया. पीएम मोदी ने संसदीय दल वाले नामांकन पत्र पर बतौर प्रस्तावक हस्ताक्षर किए हैं.
इन प्वाइंट से जानिए पूरे दिन की प्रक्रिया

1-नितिन नबीन के लिए कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं. 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की तरफ से दाखिल किए गए, तो वहीं एक नामांकन पत्र बीजेपी संसदीय दल की ओर से दाखिल किया गया. हर नामांकन पत्र पर 20 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर हैं.
2-नामांकन पत्रों के सभी सेट ज़रूरी फॉर्मेट में सही तरह से भरे हुए पाए गए और वैध थे.
3-मंगलवार सुबह 11 बजे बीजेपी मुख्यालय पर 700 प्रतिनिधि जुटेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे. उनकी उपस्थिति में नितिन नबीन के चुनाव का औपचारिक ऐलान शाम छह बजे किया जाएगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी की राष्ट्रीय संगठन टीम का जल्द ही पुनर्गठन किया जाएगा. इसमें खास तौर पर युवा नेताओं को जगह दी जाएगी. नए पदाधिकारियों में ज्यादातर की उम्र 55 साल से कम हो सकती है. राज्यों से नए चेहरे लाकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं.
अब तक कितने राष्ट्रीय अध्यक्ष
नीतिन नबीन को पिछले महीने ही पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. बीजेपी में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं. इनमें लालकृष्ण आडवाणी 3 बार अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने 2 बार यह जिम्मेदारी संभाली.
नितिन नबीन के बारे में जानिए?
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को झारखंड के रांची में हुआ था. वह पहली बार 2006 में विधायक बने. इसके बाद वह बांकीपुर से लगातार चुनाव जीतते रहे. उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 में बांकीपुर से लगातार जीत हासिल की. उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री जैसे पदों पर भी काम किया है.
