Varanasi UP college Firing:उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उदय प्रताप कॉलेज परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) को गोली मार दी गई. जिसके बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप गया है. आरोपी एक छात्र बताया जा रहा है. जिस छात्र की हत्या की गई है उसकी पहचान सूर्य प्रताप सिंह (23) के रूप में हुई है. छात्र के शरीर में करीब आठ जगह गोलियां लगी हैं.
गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत सर सुंदरलाल अस्पताल (बीएचयू ट्रॉमा सेंटर) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है.
छात्रों का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया. आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों का आरोप है कि फायरिंग प्रिंसिपल के सामने हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. गुस्साए छात्रों ने परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और कुर्सी-मेज समेत कई सामान क्षतिग्रस्त कर दिए. हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने की कोशिश शुरू कर दी है. घटना के बाद एहतियातन कॉलेज को खाली करा लिया गया है और सभी छात्र-छात्राओं को बाहर भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं मदन कौशिक? कभी नहीं हारे हरिद्वार सीट, अनुभव और रणनीति के दम पर फिर मिली कैबिनेट में जगह
