झारखंड के जमशेदपुर जिले के बाहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से 500 पाउंड यानी कि 226 किलो का बम बरामद हुआ है. इसे उन तकनीकों से निष्क्रिय किया जा सकता है, जो आम तौर पर भारतीय सेना के पास मौजूद होती हैं.
जमशेदपुर में 500 पाउंड का बम बरामद
झारखंड के जमशेदपुर जिले में अचानक हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर के बाहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से एक लोहे की संदिग्ध चीज बरामद हुई है. लोगों ने शुरुआती तौर पर इसे सामान्य माना, लेकिन जांच के बाद सभी के होश उड़ गए. मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते की टीम ने मामले की जांच करते हुए इसे 500 पाउंड यानी कि 226 किलो के बम होने की उम्मीद जताई है.
भारतीय सेना कर पाएगी नष्ट
इस बम के मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है. जानकारी के मुताबिक यह कोई साधारण विस्फोटक नहीं है. बम निरोधक दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह के मुताबिक यह बम काफी बड़ा और खतरनाक प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि इसे नष्ट करने के लिए विशेष तकनीक की जरूरत होगी. उन्होंने बताया कि यह बम उन तकनीकों से नष्ट होगा, जो आम तौर पर भारतीय सेना के पास मौजूद होती हैं.
बम को किया गया सील
मामले में अब बम को निष्क्रिय करने के लिए भारतीय सेना की मदद ली जा सकती है. मामले में स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है. बम को तुरंत ही सील कर दिया गया है. प्रशासन ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर रखी है. ग्रामीणों को मौके पर न जाने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने के साफ निर्देश दिए गए हैं. नदी से बम मिलने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं.
स्थिति के ऊपर रखी जा रही नजर
एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बम निरोधक दस्ते ने मौके पर आकर क्षेत्र का निरीक्षण कर लिया है. उन्होंने बताया कि अब मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों से बातचीत की जा रही है. उन्होंने बताया है कि स्थिति के ऊपर लगातार नजर रखी जा रही है. लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. आपको बता दें कि लगभग 7 महीने पहले पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लापुर थाना क्षेत्र के भरमपुर गांव के पास भी स्वर्णरेखा नदी से भी इसी तरह का बम मिला था. जिसे वायु सेना की टीम ने निष्क्रिय किया था.
यह भी पढ़ें- ‘मिसाइलों की कोई कमी नहीं…’, ट्रंप-नेतन्याहू को ईरान का ताबड़तोड़ जवाब, लगातार तैयार हो रहा हथियारों का जखीरा- IRGC
