Budget 2026 cm yogi adityanath: केंद्रीय बजट 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकसित भारत की दिशा में मजबूत रोडमैप बताया, जबकि उन्होंने महिलाओं, युवाओं, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस की सराहना की है.

Budget 2026 cm yogi adityanath: केंद्रीय बजट 2026 पेश होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बजट को नए भारत और विकसित भारत की सोच को आगे बढ़ाने वाला बताया है. उन्होंने कहा कि यह बजट देश के 145 करोड़ लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. सीएम योगी के अनुसार यह बजट भारत की अर्थव्यवस्था को तेज रफ्तार देने में मदद करेगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह बजट विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत और साफ रोडमैप पेश करता है. उनका कहना है कि आने वाले वर्षों में देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए इस बजट में जरूरी कदम शामिल किए गए हैं. उन्होंने इसे दूरदर्शी और संतुलित बजट बताया है.
बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है. उन्होंने बताया कि आम नागरिकों के साथ-साथ महिलाओं. युवाओं. किसानों और उद्यमियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं. महिलाओं के लिए हर जिले में कामकाजी महिला छात्रावास बनाने का प्रस्ताव रखा गया है. इससे नौकरी और पढ़ाई के लिए बाहर रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था मिल सकेगी. STEM यानी विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित से जुड़े छात्रों के लिए विशेष हॉस्टल की व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है. सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को बेहतर सुविधाएं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर देना इस बजट की बड़ी प्राथमिकता है.
उन्होंने आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने से जुड़े प्रावधानों की भी सराहना की. मुख्यमंत्री के मुताबिक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. इसके साथ ही बड़े स्तर पर कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी बुनियादी ढांचे पर निवेश को बढ़ाने का फैसला भी देश के विकास के लिए जरूरी है. उन्होंने रेल कॉरिडोर के विकास से जुड़े प्रावधानों को भी अहम बताया. सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया. उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट पेश करने के लिए बधाई भी दी. उनका कहना है कि यह बजट देश के हर वर्ग को आगे बढ़ने के नए मौके देगा.
वहीं बजट को लेकर विपक्ष की ओर से अलग राय सामने आई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बजट और शेयर बाजार में आई गिरावट को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बजट का असर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है और इससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है. अखिलेश यादव का कहना है कि यह बजट आम लोगों की जरूरतों और उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता. उनके मुताबिक सरकार की नीतियां कुछ सीमित वर्गों के हित में दिखाई देती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई के दौर में टैक्स राहत नहीं मिलने से मध्यम वर्ग और आम परिवारों पर बोझ और बढ़ गया है.
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि इस बजट में बेरोजगार युवाओं. किसानों. मजदूरों. छोटे कारोबारियों और वंचित वर्गों के लिए ठोस और असरदार घोषणाएं नजर नहीं आती हैं. उनके अनुसार रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी गई है. दूसरी ओर केंद्र सरकार का कहना है कि यह बजट विकास, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देने वाला है. इसी को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार बयानबाजी जारी है. बजट 2026 को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज बनी हुई है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
