उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक ही परिवार के 3 बच्चे स्कूल से गायब हो गए. वे सोमवार को सुबह के समय स्कूल गए थे, लेकिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वे तीनों घर पर वापस नहीं लौटे हैं.

एक ही परिवार के 3 बच्चे गायब
उत्तर प्रदेश के चंदौली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एक ही परिवार के 3 बच्चे स्कूल जाने के बाद घर पर वापस नहीं लौटे हैं. परिजनों ने बच्चों को ढूंढ़ने की काफी कोशिश की, लेकिन कोशिशों के बाद जब बच्चे नहीं मिले, तो परिजनों ने थाने पहुंचकर लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है.
2 लड़के और एक लड़की गायब
जानकारी के मुताबिक गायब होने वाले बच्चों में 2 लड़के सगे भाई हैं और एक लड़की उनकी मौसेरी बहन है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि सर्कस रोड मोहल्ले के निवासी आबिद सिद्दीकी के 2 लड़के और साढ़ू नवाब सिद्दीकी की 14 साल की बेटी सोमवार को मोहल्ले में मौजूद कान्वेंट स्कूल में पढ़ने गए थे. जिसके बाद स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वे वापस घर पर नहीं लौटे.
पुलिस से की गई मामले की शिकायत
परिजनों ने जब स्कूल प्रशासन ने बात की, तो पता लगा कि बच्चे छुट्टी होने के बाद घर के लिए निकल गए थे. तीनों बच्चों के लापता होने के बाद परिवार काफी परेशान हो गया है. परिवार ने तीनों बच्चों के लापता होने की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस की टीम शिकायत मिलने के बाद तुरंत ही हरकत में आ गई है. डिप्टी एसपी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमों को गठित किया गया है.
जल्द ही ढूंढ़ लिए जाएंगे बच्चे
पुलिस की टीम लगातार मामले में जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्चों को सकुशल ढूंढ़ लिया जाएगा. डिप्टी एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एक ही परिवार के 3 बच्चों के गायब होने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमों को बच्चों की तलाशी के लिए गठित किया गया है. डिप्टी एसपी ने बताया कि बच्चों को रिकवर करने की कोशिश लगातार जारी है.
यह भी पढें- नोएडा में फिर भड़की हिंसा! मंगलवार को पुलिस और कर्मचारियों की झड़प; गाड़ियों के ऊपर हमला
