Andhra Pradesh New Scheme: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटती जन्म दर को संतुलित करने के लिए राज्य में तीसरा बच्चा होने पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार रुपये देने का एलान किया है. मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और कामकाजी आबादी की कमी को रोकने के लिए परिवारों को अधिक बच्चों के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है.

Andhra Pradesh New Scheme: चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश में जनसंख्या बढ़ाने को लेकर बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि अब राज्य में तीसरा बच्चा होने पर परिवार को 30 हजार रुपये दिए जाएंगे. वहीं चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की सहायता मिलेगी. यह घोषणा उन्होंने श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान की. इस फैसले को राज्य की घटती जन्म दर से जोड़कर देखा जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए की. उन्होंने मंच से कहा कि सरकार जल्द ही इस योजना को लागू करने जा रही है. साथ ही उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या यह फैसला सही है. सभा में मौजूद लोगों ने इसका समर्थन भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से जुड़ी पूरी जानकारी अगले एक महीने के अंदर जारी कर दी जाएगी. सरकार फिलहाल इसकी तैयारी में जुटी हुई है.
दरअसल इससे पहले सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर आर्थिक मदद देने की योजना पर विचार कर रही थी. मार्च 2025 में विधानसभा में इस बारे में चर्चा भी हुई थी. उस समय दूसरे बच्चे पर 25 हजार रुपये देने की बात सामने आई थी. बाद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार ने योजना में बदलाव किया है. अब तीसरे और चौथे बच्चे के लिए ज्यादा सहायता देने का फैसला लिया गया है. माना जा रहा है कि सरकार ज्यादा बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहती है.
मुख्यमंत्री नायडू का कहना है कि आंध्र प्रदेश में जन्म दर लगातार कम होती जा रही है. उनके मुताबिक किसी भी राज्य की आबादी को संतुलित बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हर महिला औसतन 2.1 बच्चों को जन्म दे. अगर यह दर इससे नीचे जाती है तो आने वाले समय में काम करने वाली आबादी कम हो सकती है. इससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि आजकल कई परिवार सिर्फ एक बच्चा ही रखना चाहते हैं. इसी वजह से जनसंख्या वृद्धि धीमी हो रही है.
मुख्यमंत्री ने लोगों की सोच बदलने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि बच्चों को बोझ नहीं समझना चाहिए. उनके अनुसार बच्चे परिवार और देश दोनों के लिए बड़ी ताकत होते हैं. नायडू ने कहा कि आने वाले समय में सरकार ऐसी नीतियां लाएगी जिससे परिवारों को मदद मिल सके. इस घोषणा के बाद राज्य में जनसंख्या नीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि सरकार इस योजना को कब और कैसे लागू करती है.
